जोधपुर । जोधपुर विकास प्राधिकरण द्वारा आयोजित ट्रांसपोर्ट एवं ऑटोमोबाइल मार्केट नगर योजना मोगड़ा का लॉटरी कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का मुख्य आतिथ्य संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने किया। इस अवसर पर संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह और जोधपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त उत्साह चौधरी भी मंच पर उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पटेल ने प्रदेश सरकार की नीतियों को साझा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार वर्ष 2030 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 350 बिलियन डॉलर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के एमओयू हुए हैं, जिनमें से 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के एमओयू पहले ही धरातल पर उतर चुके हैं।
राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ ऑटोमोबाइल हब बनेगा जोधपुर
संसदीय कार्य मंत्री ने आगे कहा कि जोधपुर, पाली और मारवाड़ औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित यह ऑटोमोबाइल नगर राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ ऑटोमोबाइल हब बनने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे को भारतमाला से जोड़ने का डीपीआर भी तैयार किया जा रहा है, जिससे जोधपुर का औद्योगिक विकास और तेज होगा।
शहर में ट्रैफिक दबाव और प्रदूषण में कमी का होगा समाधान
विधि मंत्री जोगाराम पटेल ने यह भी कहा कि इस योजना से बासनी औद्योगिक क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट और ऑटोमोबाइल व्यवसाय के कारण हो रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा, एम्स जोधपुर के आस-पास के मार्गों पर वाहनों की पार्किंग और प्रदूषण की समस्या का समाधान भी होगा, जिससे यातायात प्रबंधन को सुविधाजनक बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में जेडीए सचिव चंचल वर्मा, उपायुक्त जोन-2 मुकेश बारेठ, निदेशक (विधि) अरविंद राजपुरोहित, निदेशक (वित्त) मंजीत चारण, जिला कलक्टर प्रतिनिधि अंतुश्री पूनिया, उपायुक्त अदिति पुरोहित सहित कई अन्य जनप्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply