भोपाल । अपना दल (एस) की मध्य प्रदेश इकाई ने रविवार को प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं के लिए सातवां ऑनलाइन प्रशिक्षण सत्र सफलतापूर्वक आयोजित किया। इस सत्र में यूपी और एमपी के वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने भाग लिया, जहां पिछड़े वर्ग के आरक्षण और उनके सामाजिक-आर्थिक उत्थान के मुद्दे पर गहन चर्चा की गई।
इस सत्र की अध्यक्षता पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व में की गई। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और मध्य प्रदेश प्रभारी आर. बी. सिंह पटेल, राजनीतिक रणनीतिकार डॉ. अतुल मलिकराम, और कार्यालय सचिव रोहित चंदेल भी उपस्थित रहे। सत्र के दौरान विशेष रूप से राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष ओ. पी. कटियार, उत्तर प्रदेश सरकार की राज्य मंत्री रेखा पटेल, और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष (उत्तर प्रदेश) राजेंद्र पाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए।
डॉ. अतुल मलिकराम ने ओबीसी आरक्षण को संवैधानिक अधिकार बताते हुए आरक्षण की सीमा को 14% से बढ़ाकर 27% करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पार्टी ओबीसी वर्ग के अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है। वहीं, आर. बी. सिंह पटेल ने ओबीसी के लिए सरकार की नीतियों की सराहना करते हुए बताया कि अनुप्रिया पटेल ने ओबीसी के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, जैसे कि नीट में आरक्षण, ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा दिलवाना, और केंद्रीय विद्यालयों तथा सैनिक स्कूलों में आरक्षण लागू करवाना।
सत्र में विशेष रूप से ओबीसी के इतिहास, उनकी सामाजिक स्थिति और आरक्षण की वर्तमान चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। प्रशिक्षकों ने कार्यकर्ताओं को सामाजिक न्याय के प्रति जागरूक किया और पार्टी के आगामी प्रयासों के बारे में भी जानकारी दी।
इस अवसर पर पार्टी ने संगठन को और सशक्त बनाने और ओबीसी वर्ग के अधिकारों के लिए जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। मध्य प्रदेश इकाई की यह पहल संगठन को मजबूत करने और समाज में सामाजिक न्याय के सिद्धांत को आगे बढ़ाने के दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।


Leave a Reply