Advertisement

ब्रिटिश काउंसिल ने भारतीय छात्रों के लिए ग्रेट स्कॉलरशिप 2026-27 की घोषणा: 12 पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप्स उपलब्ध

blank

जयपुर। ब्रिटिश काउंसिल ने भारतीय विद्यार्थियों के लिए ग्रेट स्कॉलरशिप 2026-27 का ऐलान किया है, जिसमें 12 पोस्टग्रेजुएट स्कॉलरशिप्स प्रदान की जाएंगी। ये स्कॉलरशिप्स विभिन्न विषयों में उपलब्ध हैं, जिनमें व्यवसाय प्रबंधन (बिज़नेस), वित्त, कला, नृत्य, विधि, ‘विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग, गणित’ (एसटीईएम) और मानविकी जैसे क्षेत्र शामिल हैं। ये अवसर उन भारतीय छात्रों के लिए हैं, जिन्होंने शैक्षणिक उत्कृष्टता हासिल की है और जो ब्रिटेन में पोस्टग्रेजुएशन करना चाहते हैं।

ब्रिटेन के प्रमुख विश्वविद्यालयों से यह स्कॉलरशिप्स प्रदान की जाएंगी, जिनमें एंग्लिया रस्किन यूनिवर्सिटी, नॉर्विच यूनिवर्सिटी ऑफ द आर्ट्स, क्वीन्स यूनिवर्सिटी बेलफास्ट, रॉयल कॉलेज ऑफ आर्ट, रॉयल कंज़र्वेटॉयर ऑफ स्कॉटलैंड, रॉयल नॉर्दर्न कॉलेज ऑफ म्यूज़िक, यूनिवर्सिटी ऑफ ब्रिस्टल, ट्रिनिटी लाबान कंज़र्वेटॉयर ऑफ म्यूज़िक एंड डांस, यूनिवर्सिटी ऑफ डंडी, यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग, यूनिवर्सिटी ऑफ सरे और यूनिवर्सिटी ऑफ वेस्ट इंग्लैंड (यूडब्ल्यूई) ब्रिस्टल शामिल हैं।

इस स्कॉलरशिप के तहत प्रत्येक विद्यार्थी को एक वर्ष की पोस्टग्रेजुएट कोर्स की ट्यूशन फीस के रूप में न्यूनतम 10,000 पाउंड की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा, चार प्रमुख विश्वविद्यालय रचनात्मक और प्रदर्शन कला (क्रिएटिव और परफार्मिंग आर्ट्स) में भी स्कॉलरशिप्स दे रहे हैं। ये स्कॉलरशिप्स छात्रों को उच्च गुणवत्ता वाली ब्रिटिश शिक्षा और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त विशेषज्ञता प्राप्त करने का अवसर प्रदान करती हैं।

ब्रिटिश काउंसिल और यूके सरकार द्वारा संयुक्त रूप से वित्त पोषित इस कार्यक्रम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच शैक्षणिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है। ब्रिटेन की शिक्षा प्रणाली की कठोरता और विविधता को देखते हुए, यह स्कॉलरशिप भारतीय विद्यार्थियों को एक वैश्विक दृष्टिकोण और करियर के लिए आवश्यक कौशल हासिल करने में मदद करेगी।

ब्रिटिश काउंसिल की निदेशक रितिका चंदा पार्रुक एमबीई ने इस बारे में कहा, “ग्रेट स्कॉलरशिप भारत-यूके शिक्षा साझेदारी की मजबूती को दर्शाती है और भारतीय विद्यार्थियों के लिए अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा के अवसरों का विस्तार करती है। ब्रिटेन में अध्ययन करने से केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता ही नहीं, बल्कि व्यावसायिक और वैश्विक वातावरण में कार्य करने का भी मौका मिलता है।”

ग्रेट स्कॉलरशिप भारतीय विद्यार्थियों के लिए ब्रिटेन में विशेष स्नातकोत्तर अध्ययन के द्वार खोलती है, जिससे वे अपने पेशेवर विकास को गति दे सकेंगे और वैश्विक स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *