उन्नाव (यूपी) । भारत में एक और यूट्यूबर की जीवनशैली को लेकर चर्चाएं गर्म हैं। 25 वर्षीय यूट्यूबर अनुराग द्विवेदी, जिन्होंने कभी साइकिल से यात्रा की थी, आज लग्जरी गाड़ियों जैसे BMW और डिफेंडर के मालिक बन चुके हैं। लेकिन अब उनके खिलाफ सरकारी एजेंसियों की नजरें तेज हो गई हैं।
हाल ही में, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्नाव में अनुराग द्विवेदी के घर पर छापेमारी की। ED के सूत्रों के मुताबिक, अनुराग ने ड्रीम-11 जैसी सट्टा एप्स पर खेलना शुरू किया, जिससे उन्हें बड़ी रकम मिलने लगी। इसके बाद, अनुराग ने इन सट्टा एप्स को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर प्रमोट करना भी शुरू कर दिया, जिससे उसकी कमाई और भी बढ़ी।
आज के वक्त में, अनुराग के यूट्यूब पर 7 मिलियन और इंस्टाग्राम पर 2.4 मिलियन से अधिक फॉलोअर्स हैं। उनकी बढ़ती लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर होने वाले प्रमोशन्स के कारण उन्होंने खुद को एक बड़ा नाम बना लिया है।
शादी का खर्च भी पड़ा था जांच का कारण
पिछले महीने ही, अनुराग ने दुबई में एक भव्य शादी की, जिसके लिए उन्होंने अपने गांव से 30 लोगों को हवाई जहाज से बुलाया और सभी का आने-जाने का खर्च खुद उठाया। यह खर्च और लग्जरी जीवनशैली ED के रडार पर आई और इसके बाद यह छापेमारी की गई।
प्रवर्तन निदेशालय ने अभी तक इस मामले में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन माना जा रहा है कि अनुराग द्विवेदी की वित्तीय गतिविधियों की जांच की जा रही है, खासकर उनके द्वारा सट्टा एप्स को प्रमोट करने और उससे हुई कमाई को लेकर।


Leave a Reply