जयपुर।चांदी की कीमतें एक बार फिर रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं और अब यह 2 लाख रुपये प्रति किलो के करीब पहुंच चुकी है। पिछले एक साल में चांदी के दाम दोगुने हो गए हैं। 1 जनवरी 2025 को चांदी की कीमत 88,000 रुपये प्रति किलो थी, लेकिन अब दिसंबर में यह 1 लाख 90 हजार रुपये से अधिक हो गई है। यह उछाल चांदी की बढ़ती मांग और कम उत्पादन का परिणाम है।
जयपुर सर्राफा बाजार के पदाधिकारी मातादीन सोनी के अनुसार, चांदी की मांग काफी बढ़ गई है, खासकर इलेक्ट्रिक वाहनों और सोलर पैनल्स जैसी नई तकनीकों में इसके उपयोग के कारण। इसके अलावा, चांदी के फैन्सी उत्पादों की मांग भी युवाओं के बीच बढ़ी है।
त्योहारी सीजन के बाद, अब वेडिंग सीजन के दौरान सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त उछाल देखा गया है। बुधवार को जयपुर सर्राफा बाजार में चांदी की कीमतों में 8800 रुपये प्रति किलो का बड़ा उछाल आया, जो अब तक का सबसे बड़ा उछाल है। वहीं, 24 कैरेट सोने की कीमत 1 लाख 31 हजार 800 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है।
विश्लेषकों का अनुमान है कि यदि यह ट्रेंड जारी रहता है, तो वर्ष 2026 तक चांदी के दाम 2 लाख 25 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुंच सकते हैं। इस तरह चांदी अब एक नए युग का सोना बनती नजर आ रही है।
चांदी में बढ़ी हुई कीमतें, नई तकनीकों की बढ़ती मांग और आगामी विवाह एवं त्योहारों के मौसम में निवेशकों के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत हो सकती है।


Leave a Reply