Advertisement

पर्यावरण संरक्षण के लिए 16 नवम्बर को पिंकसिटी में होगी “ग्रीन हार्टफुलनेस रन”

blank

जयपुर। ऐसे समय में जब पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन और कार्बन उत्सर्जन को लेकर चिंतित है, ग्रीन हार्टफुलनेस रन पर्यावरण चेतना को नई दिशा देने जा रही है। “दुनिया की सबसे बड़ी ग्रीन रन” कही जाने वाली यह दौड़ रविवार, 16 नवम्बर को देश के 119 से अधिक शहरों में एक साथ आयोजित की जाएगी।

कार्यक्रम समन्वयक हार्टफुलनेस संस्थान के तरुण तोषनीवाल ने बताया कि जयपुर में यह दौड़ चित्रकूट स्टेडियम से आरंभ होगी। FIT India और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिक, छात्र और पर्यावरण प्रेमी भाग लेंगे। दौड़ 1, 2.5 और 5 किलोमीटर की तीन श्रेणियों में होगी, जिनमें प्रत्येक वर्ग के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।

इस दौड़ से प्राप्त आय फॉरेस्ट बाय हार्टफुलनेस के वृक्षारोपण अभियानों के लिए समर्पित की जाएगी। संस्था ने अब तक 22,000 से अधिक पेड़ लगाकर उनका नियमित रखरखाव किया है। इस पहल का उद्देश्य भारत की स्थानीय और लुप्तप्राय वृक्ष प्रजातियों के संरक्षण एवं संवर्धन को प्रोत्साहित करना है।

हार्टफुलनेस फाउंडेशन एक अंतरराष्ट्रीय गैर-लाभकारी संस्था है, जो विश्व के 160 से अधिक देशों में ध्यान एवं योग का निःशुल्क प्रशिक्षण प्रदान करती है। संस्था के 20,000 से अधिक प्रशिक्षक दुनिया भर में सक्रिय हैं। जयपुर में भी 100 से अधिक प्रशिक्षक नागरिकों को सरल ध्यान विधि सिखा रहे हैं। इसके अभ्यास हेतु हार्टफुलनेस मोबाइल ऐप भी उपलब्ध है, जिसे गूगल प्ले स्टोर और एप्पल ऐप स्टोर से निःशुल्क डाउनलोड किया जा सकता है।

संस्था का मुख्यालय कान्हा शांति वनम (हैदराबाद) में स्थित है, जिसे विश्व का सबसे बड़ा मेडिटेशन हॉल माना जाता है। यहीं से हार्टफुलनेस मिशन अपने वैश्विक अभियान के माध्यम से आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण के संतुलन की दिशा में कार्य कर रहा है।

ग्रीन हार्टफुलनेस रन का यह आयोजन न केवल फिटनेस का संदेश देगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित धरती के निर्माण की दिशा में एक प्रेरक कदम सिद्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *