Advertisement

उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत विद्यार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की अंतिम तिथि 15 नवम्बर तक बढ़ी

महाविद्यालयों से समय पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील

जोधपुर। अतिरिक्त निदेशक (छात्रवृत्ति), सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत विद्यार्थियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति दर्ज कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 15 नवम्बर निर्धारित की गई है।

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जोधपुर के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास ने बताया कि जिले के सभी राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों से यह अनुरोध किया गया है कि राज्य सरकार द्वारा विद्यार्थी हित में प्रदान किए जा रहे इस अंतिम अवसर का पूरा लाभ सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा विद्यार्थियों की सुविधा के लिए यह तिथि वृद्धि की गई है ताकि कोई पात्र विद्यार्थी छात्रवृत्ति लाभ से वंचित न रहे।

आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथियाँ निर्धारित
संयुक्त निदेशक ने बताया कि उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत आवेदन प्रस्तुत करने की अंतिम तिथियाँ इस प्रकार हैं — वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए 30 नवम्बर 2025 तथा वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए 31 दिसम्बर 2025 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि इन तिथियों के पश्चात प्राप्त होने वाले आवेदन-पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने सभी महाविद्यालयों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समयावधि में बायोमैट्रिक उपस्थिति से वंचित विद्यार्थियों को सूचित करें तथा अपने स्तर एवं विद्यार्थी स्तर पर लम्बित छात्रवृत्ति आवेदन-पत्रों को शीघ्रता से जिला कार्यालय में नियमानुसार अग्रेषित करवाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *