पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। राज्य की 294 सीटों में से 293 सीटों पर 4 मई को मतगणना होगी, जबकि एक सीट—फलता—पर चुनावी गड़बड़ियों के चलते दोबारा मतदान कराया जाएगा।

चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न हुए थे और अब नतीजे यह तय करेंगे कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस अपनी सत्ता बरकरार रख पाएगी या भारतीय जनता पार्टी पहली बार सरकार बनाने में सफल होगी।
फलता सीट पर क्यों होगा दोबारा मतदान?
दक्षिण 24 परगना जिले की फलता विधानसभा सीट पर 29 अप्रैल को मतदान के दौरान गंभीर अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई थीं। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में मतदाताओं को डराने-धमकाने, बूथों के अंदर अनधिकृत लोगों की मौजूदगी और मतदान प्रक्रिया में संभावित छेड़छाड़ जैसे आरोप शामिल हैं।
इसी के चलते चुनाव आयोग ने इस सीट के सभी 285 मतदान केंद्रों पर 21 मई को पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यह मतदान कराया जाएगा, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित किया जा सके।
कब होगी फलता सीट की काउंटिंग?
फलता विधानसभा सीट पर दोबारा मतदान के बाद 24 मई को मतगणना की जाएगी।
किन उम्मीदवारों के बीच मुकाबला?
फलता सीट पर मुख्य मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के जहांगीर खान, भाजपा के देबांग्शु पांडा, कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मोल्ला और सीपीआई (एम) के शंभू नाथ कुर्मी के बीच है।
चुनाव के दिन क्या हुआ था?

मतदान के दिन भाजपा उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने आरोप लगाया था कि एक बूथ पर ईवीएम का बटन टेप से ढका हुआ था। बाद में केंद्रीय बलों ने मौके पर पहुंचकर टेप हटाया और मतदान प्रक्रिया दोबारा शुरू कराई गई।
इसके अलावा, पश्चिम मगराहाट और डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्रों के 15 बूथों पर भी पुनर्मतदान कराया गया था।

Leave a Reply