तिजारा। कस्बे में सैनी समाज द्वारा आयोजित चतुर्थ सामूहिक विवाह सम्मेलन का भव्य आयोजन गुरुवार को एमपी जैन मैरिज होम (भर्तृहरि गुंबद के सामने) में धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर 13 जोड़े वैदिक रीति-रिवाजों के साथ परिणय सूत्र में बंधे और पूरे कार्यक्रम में समाज की एकजुटता व उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे भव्य बारात निकासी के साथ हुई। बारात सैनी स्कूल से मुख्य बाजार होते हुए निकली, जिसमें सभी दूल्हे सजे-धजे घोड़ों पर सवार थे। बैंड-बाजों और पारंपरिक धुनों के बीच परिजन व समाज के लोग नाचते-गाते हुए बारात के साथ चलते रहे।
बारात के एमपी जैन मैरिज होम पहुंचने पर विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने सामूहिक भोज का आनंद लिया और आयोजन स्थल पर मेले जैसा माहौल बना रहा। मंचीय कार्यक्रम भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।
कार्यक्रम का संचालन संयोजक पुरुषोत्तम एडवोकेट एवं मंच संचालन उग्रसेन सैनी ने किया। विवाह समिति द्वारा अतिथियों का माल्यार्पण एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मान किया गया। वहीं नवविवाहित जोड़ों को समाज की ओर से गृहस्थी से संबंधित उपयोगी सामान और आभूषण भेंट किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक महंत बाबा बालक नाथ योगी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि वे हिमाचल प्रदेश में माता रानी के दर्शन कर सीधे इस कार्यक्रम में पहुंचे हैं और यहां भी उन्हें कन्याओं के रूप में माता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ है। उन्होंने सभी 13 जोड़ों के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

इस अवसर पर कृष्ण सैनी (प्रधान), कैप्टन श्योनारायण सैनी, कृष्ण कुमार सैनी (विवाह समिति अध्यक्ष), अग्रसेन सैनी, भारत सैनी, नवल फॉरेस्टर, जेपी यादव (प्रधान), कपिल गुप्ता (मंडल अध्यक्ष), धन सिंह सैनी, हीरालाल सैनी, राजू सैनी, खिल्लू राम सैनी, रमेश चंद सैनी, नारायण दास मास्टर, जगन सैनी सिंगर, अनिल सैनी, मास्टर भरत सिंह सैनी सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं सैकड़ों महिला-पुरुष एवं बच्चे मौजूद रहे।


Leave a Reply