Advertisement

सिंधु समर कैंप में बच्चों को मिल रहा रचनात्मक गतिविधियों का नि:शुल्क प्रशिक्षण, 1200 प्रतिभागी ले रहे हिस्सा

blank

जोधपुर। छती देवी एवं लेखूमल पारवानी की स्मृति में सिंधी वेलफेयर एंड मेडिकल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में चौपासनी हाउसिंग बोर्ड के 9 सेक्टर स्थित सिंधु महल में आयोजित 15वें निशुल्क सिंधु समर कैंप में बच्चों और युवाओं को विभिन्न रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास संबंधी गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शिविर में बड़ी संख्या में प्रतिभागी उत्साहपूर्वक हिस्सा ले रहे हैं।

शिविर के अध्यक्ष कन्हैयालाल टेवानी एवं उपाध्यक्ष दिनेश भंबानी ने बताया कि इस वर्ष आयोजित समर कैंप में करीब 1200 बच्चे और युवा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेकर अपनी प्रतिभा को निखार रहे हैं। शिविर में स्केटिंग, योगा, एक्यूप्रेशर, कराटे, सेल्फ डिफेंस, इंग्लिश स्पोकन, एरोबिक्स, जुंबा, सिंधी भाषा, सिंधी नृत्य एवं व्यंजन निर्माण, आर्ट एंड क्राफ्ट, आइसक्रीम-फालूदा एवं फ्यूजन डिश निर्माण, वेस्टर्न डांस, ब्यूटीशियन, एंकरिंग, मेहंदी, सिलाई तथा लीगल नॉलेज जैसे अनेक विषयों का नि:शुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।

blank

कैंप कोऑर्डिनेटर राजकुमार परमानी ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों को केवल मनोरंजन या अवकाश गतिविधियों तक सीमित न रखकर उन्हें आधुनिक तकनीक, सांस्कृतिक मूल्यों और रचनात्मक कौशलों से जोड़ना है। इसके माध्यम से बच्चों के व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच का विकास किया जा रहा है।

blank

उन्होंने कहा कि समर कैंप बच्चों को नई-नई विधाओं को सीखने का अवसर प्रदान कर रहा है, जिससे वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें। शिविर में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल रहा है।

समर कैंप में बच्चों और अभिभावकों का उत्साह देखते ही बन रहा है। आयोजकों का मानना है कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ-साथ समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *