जोधपुर । शेरगढ़ थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (DST) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 जुलाई 2026 की रात सोलंकिया तला गांव में कैलाश सोनी के साथ हुई लूट और अपहरण की वारदात का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य वांछित आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, पदमगढ़ सोलंकिया तला निवासी कैलाश सोनी ने शेरगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात लोगों ने उसका अपहरण कर उसके सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा संख्या 148/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह और वृताधिकारी बालेसर राजेन्द्रसिंह के सुपरविजन में शेरगढ़ थाना पुलिस व DST की टीम गठित की गई।
8 अगस्त 2026 को DST टीम ने सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने सोलंकिया तला में कैलाश सोनी के अपहरण और सोने-चांदी के गहने लूटने की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।
पुलिस के मुताबिक, अचलाराम ने कैलाश सोनी के दुकान से घर आने-जाने की जानकारी मोबाइल के जरिए अन्य आरोपियों को दी थी। इसके बाद मगाराम, अशोक कुमार, श्रवणराम और नारायणराम ने मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
गिरफ्तार आरोपी
- श्रवणराम मेघवाल (22) निवासी सेखाला, शेरगढ़
- मगाराम मेघवाल (29) निवासी रायसर, शेरगढ़
- अशोक कुमार भील (24) निवासी फतेहसागर पीलवा, लोहावट, फलोदी
- अचलाराम भील (20) निवासी सोलंकियातला, शेरगढ़
पुलिस ने चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया है। आरोपियों से वारदात में लूटे गए सामान और अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, वांछित आरोपी नारायणराम भील की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में शेरगढ़ थानाधिकारी खेताराम, DST प्रभारी श्रवणकुमार भंवरियां सहित पुलिस टीम के कई जवानों की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply