सालवा कलां (जोधपुर)। जोधपुर जिले के सालवा कलां गांव स्थित 21 खेड़ा जाट समाज मुख्यालय परिसर में रविवार को समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच ‘राजा’ स्वर्गीय लिखमाराम कुकणा की प्रतिमा का भव्य अनावरण राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजबंधु, जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि अशोक गहलोत ने अपने संबोधन में स्व. लिखमाराम कुकणा के समाज सेवा, वीरता, धैर्य और जनहित में किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि ऐसे जननेता बार-बार जन्म नहीं लेते। उन्होंने कहा कि राजा साहब ने अपना पूरा जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित कर दिया और उनका योगदान सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
गहलोत ने कहा कि जिस प्रकार परसराम मदेरणा और नाथूराम मिर्धा जैसे नेताओं ने जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझा, उसी प्रकार लिखमाराम कुकणा ने भी समाज की निस्वार्थ सेवा की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी सेवाओं को कभी नहीं भूल सकती। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि सालवा कलां की जनता ने उन्हें चार नहीं बल्कि पांच बार यहां आने का अवसर दिया है और हर बार उन्हें भरपूर स्नेह मिला है।

भाजपा सरकार पर साधा निशाना
अपने संबोधन में अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर भी जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता में आने वाली सरकार आज जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई चरम पर है, रोजगार के बड़े-बड़े दावे किए गए लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिला। हर परिवार के खाते में 15-15 लाख रुपये आने का वादा भी अधूरा रह गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार का कानून व्यवस्था पर नियंत्रण कमजोर पड़ चुका है।
गहलोत ने कहा कि सालवा कलां की इस पावन धरती ने लिखमाराम कुकणा जैसे वीर सपूत को जन्म दिया, जिन्होंने पूरे मारवाड़ में अपने कार्यों से अलग पहचान बनाई।

शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
कार्यक्रम में कई वक्ताओं ने समाज सुधार, शिक्षा और नशामुक्ति पर अपने विचार रखे। पूर्व विधायक नारायणराम बेड़ा ने कहा कि राजनीति से ऊपर उठकर योग्य और ईमानदार व्यक्ति को मतदान करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए कहा कि चुनाव जीतकर पांच वर्ष तक शासन किया जा सकता है, लेकिन पढ़-लिखकर अधिकारी बनकर 60 वर्ष तक समाज और देश की सेवा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि नशा परिवार और समाज दोनों को बर्बाद करता है, इसलिए युवा पीढ़ी नशे से दूर रहकर शिक्षा पर ध्यान दे।

जेसीबी से पुष्पवर्षा, 51 किलो की माला पहनाकर किया स्वागत
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के सालवा कलां पहुंचने पर ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। जेसीबी मशीनों के माध्यम से पुष्पवर्षा की गई तथा ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत हुआ। इस दौरान क्षेत्र में “अबकी बार गहलोत सरकार” और “अशोक गहलोत जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे। ग्रामीणों ने गहलोत को 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया।

ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जोधपुर देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं भोपालगढ़ विधायक गीता बरवाड़, पूर्व जेडीए चेयरमैन राजेंद्र सोलंकी, लोहावट के पूर्व विधायक किसनाराम बिश्नोई, लूणी के पूर्व विधायक महेंद्र बिश्नोई, 21 खेड़ा जाट समाज के पदाधिकारी, विभिन्न गांवों के सरपंच, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply