पांच बीघा भूमि पर बने नवीन स्वास्थ्य केंद्र में डिलीवरी रूम, जांच सुविधा, दवा वितरण केंद्र सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध
भोपालगढ़। क्षेत्र के रजलानी गांव में लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का भवन पूरी तरह तैयार हो चुका है। पांच बीघा भूमि पर बने इस नवीन भवन का लोकार्पण समारोह शनिवार को आयोजित किया जाएगा। इसके शुरू होने से रजलानी सहित आसपास के आधा दर्जन से अधिक गांवों के हजारों ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी।

ग्रामीणों को लंबे समय से आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र का इंतजार था। पहले पुराने भवन में जगह की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। गंभीर या सामान्य उपचार के लिए भी लोगों को भोपालगढ़ और गोटन तक जाना पड़ता था।
नए पीएचसी भवन में मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त कमरे, आधुनिक डिलीवरी रूम (प्रसूति कक्ष), जांच सुविधाएं, विशाल दवा वितरण केंद्र, शौचालय, पानी का टांका, पार्किंग, चिकित्सक आवास तथा चारदीवारी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं विकसित की गई हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल ऑफिसर डॉ. सुनील कुमार प्रजापत, नर्सिंग ऑफिसर राजेन्द्र चंवेल, एएनएम श्यामा, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, कंप्यूटर ऑपरेटर सहित अन्य चिकित्सा कर्मी अपनी सेवाएं देंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
सरपंच पारस गुर्जर के प्रयासों से मिली सौगात
नवीन पीएचसी भवन के निर्माण का श्रेय स्थानीय सरपंच पारस गुर्जर को दिया जा रहा है। उन्होंने ग्राम पंचायत की पांच बीघा भूमि उपलब्ध करवाई और लगातार प्रयास कर पिछली सरकार से इस परियोजना को बजट में स्वीकृति दिलवाई। उनकी सक्रिय पहल से निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सका।

ग्रामीणों ने जताई खुशी
स्थानीय निवासी सुनील पाड़ीवाल और बाबूलाल सुथार ने बताया कि पहले छोटी-बड़ी बीमारी के इलाज के लिए 10 से 15 किलोमीटर दूर भोपालगढ़ या गोटन जाना पड़ता था। अब गांव में ही आधुनिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष राहत मिलेगी। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए सरपंच पारस गुर्जर का आभार व्यक्त किया।
सरपंच बोले—ग्रामीणों की सुविधा हमारी प्राथमिकता
“ग्रामीणों की बुनियादी आवश्यकताओं को पूरा करना उनकी पहली प्राथमिकता रही है। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद शनिवार को नवीन पीएचसी भवन का लोकार्पण किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को तुरंत बेहतर एवं उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।”
पारस गुर्जर प्रशासक रजलानी

Leave a Reply