जयपुर। राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार निकाय चुनाव दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 14 सितंबर को होगी। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित नगरीय क्षेत्रों में आचार संहिता लागू हो गई है।
27 अगस्त से शुरू होंगे नामांकन
चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन प्रक्रिया 27 अगस्त से शुरू होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 अगस्त रखी गई है। उम्मीदवार 3 सितंबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में रहने वाले प्रत्याशियों की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।

309 निकायों में होगा चुनाव
राज्य में कुल 309 नगरीय निकायों में चुनाव होंगे। इनमें 10 नगर निगम, 51 नगर परिषद और 248 नगर पालिकाएं शामिल हैं। इन निकायों में कुल 10,245 पार्षद पदों के लिए मतदान कराया जाएगा।
दो चरणों में मतदान, EVM से होगी वोटिंग
राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार सभी शहरी निकायों में मतदान ईवीएम के माध्यम से कराया जाएगा। पहले चरण में 9 सितंबर और दूसरे चरण में 11 सितंबर को वोट डाले जाएंगे। 14 सितंबर को मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
1.15 लाख कर्मचारी और 98,709 पुलिसकर्मी संभालेंगे व्यवस्था
निकाय चुनाव में करीब 1.15 लाख चुनाव कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए 98,709 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। उम्मीदवारों को चुनाव खर्च का ब्यौरा निर्धारित समय में देना होगा।
आचार संहिता के चलते विकास कार्यों पर असर
आचार संहिता लागू होने के बाद नगरीय क्षेत्रों में नए विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास पर रोक रहेगी। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक कर्मचारियों के तबादले पर भी रोक रहेगी। चुनाव आयोग ने निकाय प्रमुखों और वार्डों के आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश भी जारी किए हैं।
PRP NEWS: राजस्थान में निकाय चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। अब दावेदारों और राजनीतिक दलों का फोकस टिकट, नामांकन और प्रचार रणनीति पर रहेगा।

Leave a Reply