Advertisement

राजस्थान निकाय चुनाव: दोपहर 1 बजे तक 50.38% मतदान, कई जिलों में बवाल और झड़प की घटनाएं

blank

39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में मतदान जारी, शाम 6 बजे तक डाले जाएंगे वोट; नागौर, सीकर, अलवर, जालौर और जोधपुर समेत कई जगह विवाद

जयपुर। राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव 2026 के पहले चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान जारी है। प्रदेश के 39 जिलों के 162 नगरीय निकायों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। दोपहर 1 बजे तक प्रदेश में 50.38 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। मतदान शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।

इन चुनावों को प्रदेश में पहली बार लागू किए जा रहे ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ के तहत दो चरणों में कराया जा रहा है। पहले चरण में 4 नगर निगम, 27 नगर परिषद और 131 नगर पालिकाओं, यानी कुल 162 नगरीय निकायों में मतदान हो रहा है। प्रथम चरण में अलवर, भरतपुर, बीकानेर और भीलवाड़ा नगर निगम भी शामिल हैं।

मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह देखने को मिला। कई स्थानों पर लंबी कतारें लगीं। प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

दोपहर 1 बजे तक प्रमुख क्षेत्रों में मतदान

दोपहर 1 बजे तक सामने आए आंकड़ों के अनुसार कई निकायों में मतदान का प्रतिशत उत्साहजनक रहा।

कोटा जिले में इटावा में 59 फीसदी, सुल्तानपुर में 51.43 फीसदी और सुकेत में 58.41 फीसदी मतदान दर्ज किया गया।

बारां जिले में बारां नगर परिषद में 48.64 फीसदी, अंता में 49.03 फीसदी और सीसवाली में 53.72 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

मतदान के दौरान कई जगह विवाद और झड़प

मतदान के बीच प्रदेश के अलग-अलग जिलों से विवाद, झड़प, पथराव और फर्जी मतदान के प्रयास की खबरें भी सामने आई हैं। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने कई स्थानों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया।

blank

नागौर में पथराव, दो लोग डिटेन

नागौर नगर परिषद के वार्ड 51 में मतदान के दौरान दो पक्षों में विवाद हो गया। खतरीपुरा स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में वार्ड 49, 50 और 51 के मतदाता मतदान कर रहे थे। इसी दौरान दो पक्षों के बीच झड़प के बाद पथराव की घटना सामने आई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दो लोगों को डिटेन किया है तथा मतदान केंद्र के आसपास अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।

सीकर में भाजपा नेता पर हमला

सीकर के लक्ष्मणगढ़ नगरपालिका क्षेत्र में भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंडल अध्यक्ष मनोज शर्मा पर हमला किए जाने की खबर सामने आई है। बताया गया कि मनोज शर्मा पोलिंग बूथ से बाहर निकल रहे थे, तभी निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थकों से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना हुई।

घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग की।

बाड़मेर में मोबाइल को लेकर विवाद

बाड़मेर के वार्ड नंबर 13 में मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल ले जाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और कहासुनी तक पहुंच गया।

सूचना मिलने पर सीआई नितेश आर्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

blank

जोधपुर के बालेसर दुर्गावता में दो पक्ष भिड़े

जोधपुर जिले के बालेसर दुर्गावता में वार्ड 23 और 25 के मतदान केंद्र पर भी दो पक्षों के बीच तीखी झड़प की सूचना सामने आई। मौके पर मौजूद पुलिस ने तत्काल बीच-बचाव किया और दोनों पक्षों को मतदान केंद्र से दूर किया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में बताई गई।

अलवर में प्रत्याशी समर्थक घायल, सिर पर लगे 15 टांके

अलवर के वार्ड 43 में भाजपा प्रत्याशी जगदीश अटल और उनके बेटों पर निर्दलीय उम्मीदवार के समर्थकों से मारपीट का आरोप लगा है। घटना में लोकेश जांगिड़ घायल हो गए।

घायल के सिर पर करीब 15 टांके लगाए गए हैं और उनका जिला अस्पताल में उपचार जारी है। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी रही।

जालौर में फर्जी वोटिंग की कोशिश का आरोप

जालौर के वार्ड 34 में दूसरे व्यक्ति के नाम पर वोट डालने पहुंचने के आरोप में एक युवक को पकड़े जाने की बात सामने आई है। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने युवक के साथ मारपीट कर दी।

मामले को लेकर कांग्रेस प्रत्याशी पुखराज माली की ओर से कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

अलवर में मिठाई के डिब्बों से नकदी मिलने का मामला

अलवर के वार्ड 42 में मंगलवार रात एक कार से उतारे जा रहे मिठाई के डिब्बों को लेकर भीड़ ने संदेह जताया। डिब्बों की जांच करने पर उनमें मिल्ककेक के साथ 500-500 रुपये के नोट मिलने की बात सामने आई।

सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और तीन युवकों को हिरासत में लेकर मिठाई के डिब्बे जब्त कर लिए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है कि नकदी किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी।

शाम 6 बजे तक जारी रहेगा मतदान

राजस्थान नगरीय निकाय चुनाव के पहले चरण में मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा। मतदान समाप्त होने के बाद सभी ईवीएम को निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

प्रशासन की ओर से मतदाताओं से शांतिपूर्ण तरीके से मतदान करने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

अब सभी की नजर शाम को जारी होने वाले अंतिम मतदान प्रतिशत पर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *