309 नगरीय निकाय प्रमुखों की आरक्षण लॉटरी जारी, 50 SC, 11 ST और 60 OBC वर्ग के लिए पद आरक्षित; 188 पद अनारक्षित, 6 प्रमुख नगर निगमों में महिला मेयर का रास्ता साफ
जयपुर। राजस्थान में आगामी नगरीय निकाय चुनावों को लेकर गुरुवार को 309 शहरी निकाय प्रमुखों के पदों की आरक्षण लॉटरी निकाली गई। लॉटरी के बाद प्रदेश के प्रमुख नगर निगमों में मेयर पदों के आरक्षण की तस्वीर साफ हो गई है।
लॉटरी के अनुसार जयपुर, जोधपुर, बीकानेर और उदयपुर नगर निगम में मेयर पद अनारक्षित रखा गया है। वहीं अलवर, अजमेर, भीलवाड़ा, कोटा, पाली और भरतपुर में मेयर पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है।
आरक्षण की श्रेणीवार स्थिति में अनुसूचित जाति (SC) के लिए 50 पद, अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए 11 पद और अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के लिए 60 पद आरक्षित किए गए हैं। इसके अलावा 188 पद अनारक्षित श्रेणी में रखे गए हैं। अनारक्षित श्रेणी के इन पदों में 62 पद महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे।

राजनीतिक तस्वीर बदलेगी
आरक्षण लॉटरी के बाद अब विभिन्न नगर निकायों में चुनावी समीकरण तेजी से बदलने की संभावना है। लंबे समय से चुनाव की तैयारियों में जुटे संभावित दावेदार अब अपने-अपने निकाय में आरक्षण की स्थिति के हिसाब से रणनीति बनाने में जुटेंगे। खासतौर पर मेयर पदों के आरक्षण का असर राजनीतिक दलों की टिकट रणनीति पर भी देखने को मिलेगा।
स्कूल के बच्चों ने निकाली लॉटरी
आरक्षण प्रक्रिया के दौरान स्कूल के दो छोटे बच्चों से भी लॉटरी निकलवाई गई। इस प्रक्रिया की तस्वीरें सामने आने के बाद यह आयोजन चर्चा में रहा। नगरीय निकाय चुनावों की तैयारियों के बीच अब आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने से संभावित प्रत्याशियों की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद है।

Leave a Reply