Advertisement
blank

ऑनलाइन लोकार्पण के साथ शुरू हुई बैंकिंग सेवाएं, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और आमजन को मिलेगा सभी प्रकार की बैंकिंग योजनाओं का लाभ।

बावड़ी। उपखंड क्षेत्र के बिराई गांव के ग्रामीणों के लिए गुरुवार का दिन ऐतिहासिक रहा। गांव में राजस्थान ग्रामीण बैंक की नई शाखा का ऑनलाइन माध्यम से भव्य शुभारंभ किया गया। अब ग्रामीणों को बैंकिंग कार्यों के लिए दूर-दराज के कस्बों का रुख नहीं करना पड़ेगा, बल्कि सभी आवश्यक बैंकिंग सुविधाएं उनके गांव के निकट ही उपलब्ध होंगी।

blank

शाखा प्रबंधक दिव्यांशु सिंह भाटी ने बताया कि राजस्थान ग्रामीण बैंक बिराई शाखा का ऑनलाइन लोकार्पण बैंक के अध्यक्ष मुकेश भारतीय, महाप्रबंधक चितरंजन कुमार तथा क्षेत्रीय प्रबंधक आशुतोष कुमार द्वारा रिमोट बटन दबाकर किया गया। उद्घाटन के साथ ही शाखा में बैंकिंग सेवाएं औपचारिक रूप से प्रारंभ कर दी गई हैं।

उन्होंने बताया कि नई शाखा में ग्राहकों को आधुनिक एवं डिजिटल बैंकिंग की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां बचत खाता, चालू खाता, फिक्स डिपॉजिट (एफडी), आवर्ती जमा (आरडी), व्यवसायिक खाते, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), ट्रैक्टर लोन, ट्रक लोन, गोल्ड लोन, हाउस लोन, सूर्यघर सौर ऊर्जा लोन सहित विभिन्न प्रकार के ऋण उपलब्ध कराए जाएंगे।

इसके अलावा प्रधानमंत्री जनधन योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना सहित केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अब इसी शाखा के माध्यम से ग्रामीणों को मिलेगा।

blank

शाखा प्रबंधक ने बताया कि बैंक में सभी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी, जिससे ग्राहक डिजिटल बैंकिंग, लेन-देन और अन्य सुविधाओं का आसानी से लाभ उठा सकेंगे। इससे किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं एवं आम नागरिकों को समय और धन दोनों की बचत होगी तथा बैंकिंग सेवाओं तक उनकी आसान पहुंच सुनिश्चित होगी।

ग्रामीणों ने गांव में बैंक शाखा खुलने पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उनका कहना है कि अब छोटी-बड़ी बैंकिंग जरूरतों के लिए दूर जाने की परेशानी समाप्त होगी और सरकारी योजनाओं का लाभ भी समय पर मिल सकेगा।

राजस्थान ग्रामीण बैंक की नई शाखा के शुभारंभ से बिराई सहित आसपास के गांवों के हजारों लोगों को आधुनिक, सुरक्षित और सुलभ बैंकिंग सेवाओं का सीधा लाभ मिलेगा।

blank