Advertisement

राजस्थान पुलिस की 25 महिला पुलिसकर्मी लेंगी NSG कमांडो ट्रेनिंग

blank

राजस्थान पुलिस की 25 महिला पुलिसकर्मी लेंगी NSG कमांडो ट्रेनिंग, मानेसर में 12 सप्ताह तक चलेगा कठिन प्रशिक्षण

जयपुर। राजस्थान पुलिस की 25 महिला पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (NSG) की ओर से विशेष कमांडो प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण 24 अगस्त 2026 से हरियाणा के मानेसर स्थित NSG प्रशिक्षण केंद्र में शुरू होगा और 13 नवंबर 2026 तक चलेगा। करीब 12 सप्ताह के इस गहन प्रशिक्षण में महिला पुलिसकर्मियों को कठिन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्रवाई करने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित किया जाएगा।

इन 25 महिला पुलिसकर्मियों का चयन राजस्थान पुलिस के RAC (राजस्थान आर्म्ड कांस्टेबुलरी) और MBC कैडर से किया गया है। प्रशिक्षण के दौरान NSG के विशेषज्ञ प्रशिक्षक उन्हें कमांडो ऑपरेशन, अत्याधुनिक हथियार तकनीक, शारीरिक दक्षता, अनुशासन और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में त्वरित निर्णय लेने जैसी विभिन्न विधाओं में प्रशिक्षित करेंगे।

घाटगेट से महिला पुलिसकर्मियों को दी गई हरी झंडी

प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पहले जयपुर स्थित पांचवीं बटालियन RAC, घाटगेट परिसर में ब्रीफिंग और विदाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के एडीजी आर्म्ड बटालियन्स रूपेन्द्र सिंह ने महिला पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।

उन्होंने जवानों को प्रशिक्षण के दौरान कड़े अनुशासन, अत्याधुनिक हथियार तकनीक और ‘जीरो एरर’ (Zero Error) की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि NSG जैसी प्रतिष्ठित संस्था से प्रशिक्षण प्राप्त करना महिला पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता और आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देगा।

blank

Advertisement

‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ रहेगा मूल मंत्र

एडीजी रूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कमांडो प्रशिक्षण का उद्देश्य महिला जवानों को ऐसी उच्च स्तरीय दक्षता प्रदान करना है, जिससे वे विषम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ कर सकें।

उन्होंने ‘सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा’ के मूल मंत्र के साथ महिला पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि RAC और MBC कैडर की इन 25 महिला पुलिसकर्मियों का NSG कमांडो ट्रेनिंग के लिए चयन होना राजस्थान पुलिस के साथ-साथ पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

इसके बाद एडीजी रूपेन्द्र सिंह ने सभी 25 महिला पुलिसकर्मियों को शासकीय वाहन से NSG प्रशिक्षण केंद्र, मानेसर (हरियाणा) के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

वरिष्ठ अधिकारी भी रहे मौजूद

विदाई कार्यक्रम के दौरान RAC के डीआईजी विनित बंसल सहित चतुर्थ और पांचवीं बटालियन RAC के कमांडेंट एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने महिला पुलिसकर्मियों को NSG प्रशिक्षण के उच्च मानकों पर खरा उतरने और सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दीं।

12 सप्ताह के इस कठिन प्रशिक्षण के बाद राजस्थान पुलिस की ये महिला कमांडो विषम परिस्थितियों में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए और अधिक सक्षम बनेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *