खबर प्रकाशित होते ही हरकत में आया बिजली विभाग, पोल लगाकर सुधारी व्यवस्था
जोधपुर । भोपालगढ़ उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिरानी के राजस्व ग्राम कलावास में लंबे समय से झूल रहे 11 केवी विद्युत तार आखिरकार ऊंचे कर दिए गए हैं। विद्युत विभाग द्वारा पोल लगाकर तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।

गौरतलब है कि पीआरपी न्यूज़ ने 5 मई के अंक में “11 केवी लाइन के झूलते तार बने मौत का जाल, करंट से दो बैलों की मौत, विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश” शीर्षक से खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। खबर के माध्यम से विभागीय अधिकारियों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया गया था।

खबर प्रकाशित होने के बाद विद्युत विभाग भोपालगढ़ के सहायक अभियंता सक्रिय हुए और तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पोल लगवाकर झूलते तारों को ऊंचा करवाया। तारों की ऊंचाई सही होने से अब राहगीरों और पशुओं के लिए खतरा काफी हद तक कम हो गया है।
सहायक अभियंता हेमंत टाक ने बताया कि तारों के नीचे अज्ञात व्यक्तियों द्वारा खुदाई कर रेत के ढेर बना दिए गए थे, जिसके कारण तारों की ऊंचाई कम हो गई थी। फिलहाल विभाग ने पोल लगाकर तारों को सुरक्षित ऊंचाई पर कर दिया है।
पढ़े पूरी खबर – 11 केवी लाइन के झूलते तार बने मौत का जाल, करंट से दो बैलों की मौत; विभाग की लापरवाही पर ग्रामीणों में आक्रोश

Leave a Reply