Advertisement

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर मेट्रो फेज-2 का किया शिलान्यास, 13 हजार करोड़ की परियोजना से बदलेगी जयपुर की तस्वीर | PRP News India

blank

41 किलोमीटर लंबे मेट्रो कॉरिडोर से औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी, ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को जयपुर मेट्रो रेल परियोजना फेज-2 का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जब भी देश कोई बड़ा संकल्प लेता है या कोई लक्ष्य निर्धारित करता है, तो राजस्थान उसकी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरता है। उन्होंने कहा कि जयपुर मेट्रो फेज-2 राज्य के विकास को नई गति देगा और आधुनिक बुनियादी ढांचे को मजबूती प्रदान करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर राजस्थान को आधुनिक परिवहन सुविधाओं से जोड़ने का कार्य कर रही हैं। जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना राजधानी की बढ़ती आबादी और यातायात की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, जिससे आम नागरिकों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

blank

इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि नई मेट्रो लाइन जयपुर की ट्रैफिक समस्या को काफी हद तक कम करेगी। इससे शहर के औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय कॉलोनियों और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के बीच निर्बाध कनेक्टिविटी सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राजधानी के समग्र विकास में मील का पत्थर साबित होगी।

करीब 13 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली जयपुर मेट्रो फेज-2 परियोजना के तहत 41 किलोमीटर लंबा कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे लाखों लोगों को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी, यात्रा का समय घटेगा और प्रदूषण व ट्रैफिक जाम में भी कमी आएगी।

राज्य सरकार का मानना है कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना से जयपुर के शहरी विकास को नई दिशा मिलेगी, साथ ही रोजगार और निवेश के नए अवसर भी सृजित होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *