Advertisement

पारस गुर्जर की देव दर्शन यात्रा 17 सितंबर को रजलानी से होगी रवाना, मारवाड़ से मेवाड़ तक सियासी संदेश

blank

मारवाड़ से मेवाड़ तक सैकड़ों वाहनों का काफिला, 36 कौम की भागीदारी के बीच यात्रा के धार्मिक के साथ सियासी मायने भी

जोधपुर। युवा कांग्रेस चुनाव में राजस्थान से प्रदेश अध्यक्ष पद के दावेदार रहे, एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं रजलानी के युवा सरपंच पारस गुर्जर की अगुवाई में तृतीय देव दर्शन यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यात्रा का शुभारंभ 17 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे रजलानी (जोधपुर) से होगा। मारवाड़ से मेवाड़ तक निकलने वाली इस विशाल धार्मिक वाहन यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

यात्रा को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। 36 कौम एवं टीम 9797 की ओर से भी यात्रा को समर्थन दिया गया है। आयोजकों के अनुसार सैकड़ों वाहनों के काफिले के साथ श्रद्धालु विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए आगे बढ़ेंगे। यात्रा के दौरान कई स्थानों पर श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं, गाजे-बाजे और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया जाएगा।

blank

रजलानी से शुरू होकर कई जिलों से गुजरेगी यात्रा

आयोजकों के अनुसार देव दर्शन यात्रा रजलानी से रवाना होकर नागौर जिले के विभिन्न गांवों और शहरों से होते हुए अजमेर, ब्यावर तथा भीलवाड़ा जिले की ओर आगे बढ़ेगी। निर्धारित मार्ग में रजलानी, हरसोलाव, रोल चांदावता, खेजड़ियां देव, रियाश्यामदास, लांबा जाटान, कलरू, मेड़ता सिटी, कात्यासनी, जसनगर और लाम्बिया शामिल हैं।

इसके बाद यात्रा रास, जैतारण, ब्यावर, खरवा और मसूदा होते हुए देवमाली (ब्यावर) पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है। यात्रा के पहले दिन जगह-जगह श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की ओर से स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

दूसरे दिन भोजा पायरा तक पहुंचेगा काफिला

यात्रा के दूसरे दिन श्रद्धालुओं का काफिला गोठा, बरनाघर, सवाईभोज, मालासेरी, बांक्यारानी और आसींद होते हुए भोजा पायरा की ओर जाएगा। इस दौरान विभिन्न गांवों में यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं।

आयोजकों का कहना है कि पिछली दोनों देव दर्शन यात्राओं में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया था। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने डीजे, गाजे-बाजे और जेसीबी से पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया था। इस बार भी यात्रा को पहले की तुलना में अधिक व्यापक बनाने की तैयारी है।

पारस गुर्जर ने 36 कौम से की शामिल होने की अपील

रजलानी के युवा सरपंच पारस गुर्जर ने 36 कौम के श्रद्धालुओं और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने इसे धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और देव दर्शन से जुड़ी यात्रा बताया है।

यात्रा में बड़ी संख्या में वाहनों के शामिल होने को देखते हुए आयोजकों और प्रशासन की ओर से व्यवस्थाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है। स्थानीय प्रशासन द्वारा यात्रा के सुगम संचालन और सुरक्षा को लेकर आवश्यक इंतजाम किए जाने की बात कही गई है।

धार्मिक यात्रा के साथ सियासी संदेश पर भी नजर

देव दर्शन यात्रा को धार्मिक आयोजन के रूप में आयोजित किया जा रहा है, लेकिन पारस गुर्जर की राजनीतिक सक्रियता को देखते हुए इसके सियासी मायनों पर भी नजर रहेगी। पारस गुर्जर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनाव में राजस्थान से दावेदारी कर चुके हैं और वर्तमान में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रवक्ता के साथ रजलानी के युवा सरपंच हैं।

blank

ऐसे में मारवाड़ से मेवाड़ तक हजारों लोगों और सैकड़ों वाहनों के साथ निकलने वाली यात्रा उनकी युवा एवं सामाजिक पहुंच का प्रदर्शन भी मानी जा रही है। खास तौर पर अलग-अलग क्षेत्रों और 36 कौम की भागीदारी इस आयोजन को राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में ला सकती है।

हालांकि यात्रा का घोषित उद्देश्य धार्मिक है, लेकिन राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर रहेगी कि पारस गुर्जर इस यात्रा के जरिए आगामी राजनीतिक पारी के लिए किस तरह का सामाजिक संदेश देते हैं। युवा शक्ति, सामाजिक एकजुटता और विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क के लिहाज से यह यात्रा उनके लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

17 सितंबर को रजलानी से शुरू होने वाली इस यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी है। अब देखना होगा कि धार्मिक आस्था के इस आयोजन को लोगों का कितना समर्थन मिलता है और यात्रा पारस गुर्जर के राजनीतिक सफर में किस तरह की नई चर्चा को जन्म देती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *