बाड़मेर/जोधपुर।संभागीय आयुक्त जोधपुर आलोक रंजन ने गुरुवार को बाड़मेर जिले के पचपदरा, बालोतरा स्थित रिफाइनरी का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह निरीक्षण देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित यात्रा को ध्यान में रखते हुए किया गया।

संभागीय आयुक्त ने रिफाइनरी परिसर में आयोजित होने वाले संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, सभा स्थल, वृक्षारोपण क्षेत्र, सभा कक्ष और नियंत्रण कक्ष सहित सभी प्रमुख स्थानों का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा को लेकर सुरक्षा, साफ-सफाई, बैठक व्यवस्था, पार्किंग और यातायात प्रबंधन जैसी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए और सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था, इंटेलिजेंस इनपुट और आपातकालीन व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय और मजबूत रहनी चाहिए।

इस मौके पर आईजी जोधपुर रेंज सत्येंद्र सिंह, अतिरिक्त उपयुक्त (सीआईडी) नरपत सिंह, एडीएम बालोतरा भुवनेश्वर, एडीएम बाड़मेर राजेंद्र सिंह चंदावत, रिफाइनरी के चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर प्रीतम सिंह, जीएम एचआर श्रवण केसरकर तथा सीआईएसएफ कमांडेंट रवि कुमार सहित इंटेलिजेंस एवं प्रशासनिक विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। संभागीय आयुक्त द्वारा किया गया यह निरीक्षण व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने और कार्यक्रम को सफल बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।


Leave a Reply