जोधपुर । पुलिस थाना ओसियां ने चोरी और नकबजनी की वारदातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना सहित दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिन के समय मकान मालिकों की गतिविधियों पर नजर रखते थे और घर खाली होने की रैकी करने के बाद रात में ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में ओसियां थाना पुलिस ने ग्राम बड़ला बासनी में 27 अगस्त 2026 की रात हुई नकबजनी की वारदात का खुलासा किया है। आरोपियों ने घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करना स्वीकार किया है।
दिन में रैकी, रात में चोरी
पुलिस के मुताबिक आरोपी महेन्द्रसिंह और छैलसिंह अपने इलाके में दिन के समय उन मकानों की रैकी करते थे, जहां मकान मालिक घर से बाहर रहते थे। इसके बाद रात के समय अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
ऐसे हुआ वारदात का खुलासा
बड़ला बासनी में हुई नकबजनी की घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जिला पुलिस अधीक्षक ने रात के समय होने वाली चोरी, नकबजनी, लूट और अन्य वारदातों के खुलासे के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वरलाल के सुपरविजन तथा वृताधिकारी ओसियां प्रदीपसिंह चारण के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी विजयश्री के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटना से जुड़े तकनीकी डाटाबेस का विश्लेषण किया। जांच के दौरान पड़ोसी महेन्द्रसिंह और छैलसिंह की भूमिका सामने आई। पुलिस ने दोनों को दस्तयाब कर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने 27 अगस्त की रात भंवरकंवर पत्नी ईश्वरसिंह भाटी निवासी बड़ला बासनी के घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करना स्वीकार किया।

दो आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में:
- महेन्द्रसिंह पुत्र रामसिंह राजपूत, उम्र 27 वर्ष, निवासी बड़ला बासनी।
- छैलसिंह पुत्र आमसिंह राजपूत, उम्र 30 वर्ष, निवासी बड़ला बासनी।
को गिरफ्तार किया है।
पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेकर चोरी किए गए माल-मशरूका की बरामदगी के प्रयास कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
इनकी रही विशेष भूमिका
पूरी कार्रवाई में थानाधिकारी ओसियां विजयश्री, सहायक उपनिरीक्षक किसनाराम, सहायक उपनिरीक्षक रामप्रकाश, हेड कांस्टेबल मनोहरराम तथा कांस्टेबल किसनाराम, शिवराम, धनाराम, धनाराम गोदारा, भाकरराम और आसाराम की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply