मेड़ता। रेन रामस्नेही संप्रदाय के रामधाम खेजड़ा जी के महंत संत पांचाराम महाराज द्वारा जनसेवा और स्वास्थ्य सेवाओं को समर्पित 5 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय उप जिला अस्पताल, मेड़ता का भव्य लोकार्पण समारोह 23 जुलाई को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर अनेक संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

रामस्नेही रामसिंह बडियासर ने बताया कि संत पांचाराम महाराज ने “नर सेवा ही नारायण सेवा” की भावना से समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस अस्पताल का निर्माण कराया है। उन्होंने कहा कि संत पांचाराम महाराज ने जीव कल्याण के लिए प्रदेश में ऐसे पांच अस्पताल बनाने की घोषणा की है, जिनमें मेड़ता पहला अस्पताल है जिसका लोकार्पण 23 जुलाई को किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सोजत सिटी का राजकीय अस्पताल भी बनकर तैयार हो चुका है और उसका लोकार्पण शीघ्र होगा। वहीं मुंडवा, नागौर और पुष्कर में भी अस्पताल निर्माण की घोषणा की जा चुकी है। मुंडवा अस्पताल का निर्माण कार्य शुभ मुहूर्त के साथ प्रारंभ कर दिया गया है, जबकि पुष्कर और नागौर में भी जल्द कार्य शुरू होगा। सभी अस्पताल आमजन को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बनाए जा रहे हैं।

भव्य शोभायात्रा के साथ होगा शुभारंभ
23 जुलाई को आयोजित समारोह का शुभारंभ श्री चारभुजा मंदिर से निकलने वाली श्री वाणी जी की भव्य शोभायात्रा से होगा। यह शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नवनिर्मित अस्पताल पहुंचेगी, जहां वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठानों के बीच अस्पताल का विधिवत लोकार्पण किया जाएगा।
आयोजकों ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस जनसेवा एवं स्वास्थ्य सेवा से जुड़े ऐतिहासिक आयोजन की शोभा बढ़ाने की अपील की है।

Leave a Reply