जोधपुर ग्रामीण पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सोशल मीडिया निगरानी से पकड़ा गया आरोपी; कई राज्यों में अवैध हथियार सप्लाई करने की बात कबूली
जोधपुर। जोधपुर ग्रामीण पुलिस की जिला विशेष टीम (DST) ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के जरिए अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोपू/लॉरेंस गैंग के कथित हथियार सप्लायर मनीष उर्फ मनसा भाटी निवासी बुचेटी (खेड़ापा) को गिरफ्तार किया है। आरोपी इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ फोटो और रीलें अपलोड कर अपनी पहचान बनाने के साथ-साथ हथियारों के खरीदार भी तलाशता था।

जिला पुलिस अधीक्षक पंकज चौधरी ने बताया कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इसी अभियान के तहत जिला विशेष टीम ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान के विभिन्न जिलों में बदमाशों एवं आपराधिक गिरोहों को अवैध हथियार और कारतूस सप्लाई करता था। आरोपी का संबंध सोपू और लॉरेंस गैंग के गुर्गों से भी सामने आया है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी आम लोगों में डर का माहौल बनाने और खुद को बड़ा गैंगस्टर दिखाने के लिए इंस्टाग्राम पर हथियारों के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट करता था। साथ ही इन्हीं पोस्टों के जरिए अवैध हथियारों के संभावित ग्राहक भी तलाशता था। आरोपी के खिलाफ खेड़ापा थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
युवाओं के लिए पुलिस की चेतावनी
जिला पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से अपील की है कि वे अपराधियों का महिमामंडन न करें और न ही सोशल मीडिया पर गैंगस्टरों के नाम से अकाउंट संचालित करें। पुलिस ने चेतावनी दी है कि—
- अपराधियों के साथ फोटो या वीडियो पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई होगी।
- गैंगस्टरों का प्रचार-प्रसार या समर्थन करने वालों को भी नहीं बख्शा जाएगा।
- हथियारों के साथ रील या फोटो अपलोड कर भय का माहौल बनाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
- सोशल मीडिया पर अश्लील, अभद्र और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट करने वालों की भी निगरानी की जा रही है।
कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी श्रवण कुमार भंवरिया के नेतृत्व में वीरेंद्र चौधरी, मुकनसिंह, हरेंद्र लोहरा, कमांडो सोहनराम, चुतराराम, पपूराम, श्रवणसिंह, अशोक भाटी सहित खेड़ापा थाना पुलिस के लाखाराम, नेमाराम, धर्मेंद्र और महेंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply