जोधपुर। विधानसभा क्षेत्र लूणी के धवा, लूणी और केरू ब्लॉक के राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों के सत्रारंभ वाक्पीठ 2026 का उद्घाटन शुक्रवार को ट्रेड फैसिलिटेशन सेंटर, बोरानाडा में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि बजट घोषणा के तहत विद्यालयों के अवसंरचना विकास के लिए 2 हजार करोड़ रुपये का ‘विद्यालय आधारभूत संरचना कोष’ स्थापित किया जाएगा।

उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप 51 करोड़ 10 लाख रुपये की लागत से 500 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा शुरू की जाएगी। साथ ही ‘स्कूल टू वर्क’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक जिले में एक विद्यालय को उन्नत व्यावसायिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में विकसित किया जाएगा।
मंत्री पटेल ने कहा कि इस वर्ष लगभग 250 करोड़ रुपये की लागत से 40 लाख से अधिक विद्यार्थियों को डीबीटी के माध्यम से निःशुल्क यूनिफॉर्म उपलब्ध कराई जाएगी। घुमंतू एवं अर्द्ध-घुमंतू समुदाय के बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के लिए ‘राज पहल’ के तहत प्रत्येक जिले में ‘स्कूल ऑन व्हील्स’ शुरू किया जाएगा।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के एक हजार विद्यालयों में एआई आधारित पर्सनलाइज्ड लर्निंग लैब्स स्थापित की जाएंगी और 1 हजार करोड़ रुपये की लागत से 400 विद्यालयों को ‘सीएम-राइज’ स्कूलों में क्रमोन्नत किया जाएगा।
विद्यालयों के विकास पर जोर देते हुए मंत्री ने सभी सीबीईओ को पेयजल एवं विद्युत कनेक्शन की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय विहीन विद्यालयों की सूची तैयार कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा।
नामांकन बढ़ाने, विद्यालय परिसरों में स्वच्छता बनाए रखने, अनुपयोगी सामग्री की नीलामी, रंग-रोगन कार्य, सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन तथा शाला दर्पण पोर्टल को नियमित अपडेट करने के भी निर्देश दिए गए। इसके साथ ही पीटीएम और एसएमसी बैठकों का समयबद्ध आयोजन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।
कार्यक्रम में मुकेश दाधीच, छोटूसिंह राठौड़, पूनाराम चौधरी, खींवराज जांगिड़, संयुक्त निदेशक हिम्मत सिंह, सीडीईओ रजनी शेखावत, ईपीसीएच के क्षेत्रीय अधिकारी गोपाल शर्मा, सीबीईओ लूणी शमीम बानो, धवा के गुलेन चौधरी, केरू के एसीबीईओ राजूराम चौधरी सहित बड़ी संख्या में संस्था प्रधान उपस्थित रहे।

Leave a Reply