एसीबी स्पेशल यूनिट बीकानेर की कार्रवाई, नोखा रोड स्थित भीनासर चैक पॉइंट पर रोका वाहन
बीकानेर/फलौदी। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) स्पेशल यूनिट बीकानेर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लोहावट के विकास अधिकारी (BDO) नारायण सुथार को उनके निजी वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपए की संदिग्ध राशि मिलने के बाद डिटेन किया है। एसीबी की टीम ने यह कार्रवाई नोखा रोड स्थित भीनासर चैक पॉइंट पर की।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता के निर्देश पर की गई कार्रवाई के अनुसार, स्पेशल यूनिट बीकानेर को सूचना मिली थी कि लोहावट बीडीओ संदिग्ध राशि लेकर लोहावट से रवाना होकर बीकानेर की ओर आ रहे हैं।

सूचना के आधार पर एसीबी बीकानेर के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में स्पेशल यूनिट बीकानेर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष कुमार के नेतृत्व में टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
टीम ने हुंडई वेन्यू कार नंबर RJ 07 CD 0047 को नोखा रोड स्थित भीनासर चैक पॉइंट पर रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 8 लाख 14 हजार रुपए की नकदी बरामद हुई, जिसे एसीबी ने संदिग्ध राशि माना है।
एसीबी के अनुसार, मामले में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव एवं पुलिस महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में प्रकरण से जुड़ी अग्रिम कार्रवाई जारी है।
एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा। नकदी किस उद्देश्य से ले जाई जा रही थी और राशि का स्रोत क्या है, इसका खुलासा जांच के बाद होगा।

Leave a Reply