Advertisement

मिट्टी की आड़ में गुजरात ले जाई जा रही थी अवैध शराब, खेड़ापा पुलिस ने 550 पेटी शराब-बियर पकड़ी

blank

जोधपुर। नगर निकाय चुनाव 2026 के मद्देनजर अवैध शराब की तस्करी और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना खेड़ापा की टीम ने नेशनल हाईवे-62 पर एक 22 चक्का ट्रेलर से 550 कार्टून अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। शराब परिवहन में प्रयुक्त ट्रेलर को भी जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई महानिरीक्षक जोधपुर रेंज सत्येन्द्र सिंह और जिला पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण पंकज यादव के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण रामेश्वर लाल के सुपरविजन तथा वृताधिकारी भोपालगढ़ गुलाबराम के निकट सुपरविजन में थानाधिकारी खेड़ापा लाखाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया ट्रेलर

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को खेड़ापा थाना परिसर के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नागौर की तरफ से नेशनल हाईवे-62 पर एक 22 चक्का ट्रेलर में मिट्टी के नीचे भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब छिपाकर गुजरात ले जाई जा रही है।

सूचना पर पुलिस ने संदिग्ध ट्रेलर को रुकवाकर चालक से पूछताछ की। चालक ने ट्रेलर में मिट्टी भरी होने की बात कही। गहन पूछताछ के बाद उसने मिट्टी के नीचे शराब के कार्टून छिपाकर ले जाने की बात स्वीकार की।

मिट्टी हटाने पर सामने आई शराब

blank

पुलिस टीम ने नियमानुसार ट्रेलर की तलाशी ली और मिट्टी हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान मिट्टी के नीचे प्लास्टिक की मैटिंग और शीट से ढके हुए अंग्रेजी शराब एवं बीयर के कुल 550 कार्टून बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक चालक के पास शराब के परिवहन से संबंधित कोई वैध अनुज्ञापत्र या लाइसेंस भी नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने अवैध शराब को जब्त कर ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया।

गुजरात के मोरबी ले जाने का खुलासा

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचन्द्र पुत्र दलाराम, उम्र 33 वर्ष, जाति वैष्णव, निवासी निम्बलकोट, पुलिस थाना आरजीटी, जिला बालोतरा के रूप में हुई है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि शराब मनीष चौधरी पुत्र मानाराम, निवासी चूरू द्वारा ट्रेलर में भरवाकर उसे गुजरात के मोरबी ले जाने के लिए सौंपी गई थी। पुलिस अब शराब की सप्लाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

blank

पुलिस टीम की रही विशेष भूमिका

इस कार्रवाई में थानाधिकारी लाखाराम, सहायक उपनिरीक्षक चिमनाराम, पुनाराम, कांस्टेबल ओमप्रकाश, महिपाल और महेन्द्र सेंगवा की विशेष भूमिका रही।

पुलिस ने बताया कि चुनावों को देखते हुए जिले में अवैध शराब और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नाकाबंदी, संदिग्ध वाहनों की जांच और सूचना तंत्र के माध्यम से लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *