बावड़ी। खेड़ापा थाना क्षेत्र में पानी की टंकियों से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ ने जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता को नोटिस जारी कर क्षेत्र के गांवों में स्थित उच्च जलापूर्ति टंकियों के नीचे से करीब 15 फीट तक की सीढ़ियां हटाने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस के अनुसार यह निर्णय हाल ही में खेड़ापा थाना क्षेत्र की पुनियों की बासनी में हुई घटना के बाद लिया गया है। यहां एक महिला ने पानी की टंकी पर चढ़कर जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए पानी की टंकियों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ ने बताया कि राज्य सरकार की मंशा और आमजन की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए टंकियों के निचले हिस्से में बनी सीढ़ियां हटाना जरूरी है, ताकि कोई व्यक्ति बिना अनुमति टंकी के ऊपर न चढ़ सके।
पुलिस ने जलदाय विभाग के अधिकारियों को क्षेत्र के सभी गांवों में बनी उच्च जलापूर्ति टंकियों का निरीक्षण करने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। टंकियों के आसपास कंटीली जाली सहित अन्य सुरक्षा उपाय किए जाने की भी बात सामने आई है, ताकि असामाजिक तत्वों की पहुंच रोकी जा सके और किसी अनहोनी से बचाव हो सके।
थाना अधिकारी ने बताया कि उच्च अधिकारियों से मिले निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। पुलिस का उद्देश्य केवल घटना के बाद कार्रवाई करना नहीं, बल्कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पहले से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है।
नई व्यवस्था के तहत पानी की टंकियों तक आम लोगों की अनधिकृत पहुंच रोकने, सीढ़ियों को हटाने तथा टंकियों के चारों ओर सुरक्षा घेरा बनाने पर जोर दिया जा रहा है। इससे दुर्घटनाओं के साथ-साथ आत्महत्या जैसी घटनाओं को रोकने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।


Leave a Reply