Advertisement

कारगिल विजय दिवस पर जोधपुर में गूंजा शौर्य का जयघोष, राज्यपाल बोले- राष्ट्र की अस्मिता और सैनिकों के बलिदान का अमर प्रतीक है कारगिल विजय

blank

‘ऑपरेशन विजय कारगिल-2026’ में टाइगर हिल युद्ध का हुआ सांकेतिक पुनर्प्रस्तुतीकरण, राज्यपाल हरिभाऊ बागडे व केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने 16 वीर सैनिकों और वीरांगनाओं का किया सम्मान

blank

PRP NEWS | जोधपुर

कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रविवार को जोधपुर के मेहरानगढ़ फोर्ट की तलहटी स्थित रावटी-घोड़ा घाटी में आयोजित ‘ऑपरेशन विजय कारगिल-2026’ कार्यक्रम में देशभक्ति और शौर्य का अद्भुत संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने कहा कि कारगिल विजय केवल सैन्य सफलता नहीं, बल्कि राष्ट्र की अस्मिता, अखंडता और भारतीय सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान का अमर प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में भारतीय सेना द्वारा संचालित ‘ऑपरेशन विजय’ विश्व के सबसे कठिन सैन्य अभियानों में शामिल था। भारतीय जवानों ने कारगिल, द्रास और बटालिक की दुर्गम बर्फीली चोटियों पर पाकिस्तान समर्थित घुसपैठियों को परास्त कर तिरंगा फहराया और दुनिया के सामने भारतीय सेना की रणनीति, साहस और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया।

blank

राज्यपाल ने कहा कि भारतीय सेना तपते रेगिस्तान से लेकर हिमालय की बर्फीली चोटियों और समुद्री सीमाओं तक हर परिस्थिति में राष्ट्र की सुरक्षा के लिए समर्पित है। उन्होंने राजस्थान की वीरभूमि का उल्लेख करते हुए बप्पा रावल, महाराणा प्रताप, मेजर शैतान सिंह और कंपनी हवलदार मेजर पीरू सिंह जैसे महान वीरों के योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने कहा कि कारगिल विजय भारतीय सेना के अदम्य साहस और मातृभूमि के प्रति सर्वोच्च समर्पण का अमर अध्याय है। उन्होंने कहा कि शून्य से नीचे तापमान और 16 से 17 हजार फीट की ऊंचाई जैसी कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय सैनिकों ने दुश्मन को परास्त कर देश का सम्मान अक्षुण्ण रखा।

blank

इस दौरान रावटी-घोड़ा घाटी में टाइगर हिल युद्ध का सांकेतिक पुनर्प्रस्तुतीकरण किया गया, जिसमें कारगिल युद्ध की परिस्थितियों, सैन्य रणनीति और भारतीय सैनिकों के शौर्य का जीवंत मंचन किया गया। इस प्रस्तुति ने उपस्थित हजारों लोगों को कारगिल युद्ध के संघर्ष और वीर सैनिकों के अदम्य साहस का सजीव अनुभव कराया।

कार्यक्रम के अंत में कारगिल युद्ध में असाधारण वीरता दिखाने वाले 16 वीर सैनिकों एवं वीरांगनाओं का राज्यपाल हरिभाऊ बागडे और केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने सम्मान कर उनके साहस को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *