Advertisement

नशा मुक्त चुनाव को लेकर जोधपुर ग्रामीण पुलिस का अनोखा अभियान, तख्तियों के जरिए मतदाताओं को दिया जागरूकता संदेश

blank

‘नशे को ना कहो, मतदान को हां कहो’ जैसे नारों से गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचाएगी पुलिस

भोपालगढ़। पंचायतीराज चुनाव में नशे के इस्तेमाल को रोकने और मतदाताओं को जागरूक करने के लिए जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘मिशन संकल्प—नशे की लत से दूर, हमारा मत’ अभियान के तहत अब आकर्षक स्लोगन वाली तख्तियों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

सीओ गुलाबाराम ने बताया कि अभियान के तहत पुलिस ने छह आकर्षक तख्तियां तैयार करवाई हैं। इन पर नशा मुक्त मतदान और जागरूक लोकतंत्र से जुड़े संदेश लिखे गए हैं। इनमें ‘नशा मुक्त चुनाव, सशक्त लोकतंत्र की पहचान’, ‘नशे को ना कहें, जीवन को हां कहें’, ‘जागरूक मतदाता, नशा मुक्त दाता’, ‘नशा बेचने वालों को हराओ, ईमानदार को जिताओ’, ‘युवा जागे—नशा भागे, लोकतंत्र जागे’ और ‘नशे को ना कहो, मतदान को हां कहो’ जैसे स्लोगन शामिल हैं।

blank

महिला कांस्टेबल रामस्नेही डेलू ने बताया कि जागरूकता तख्तियों पर राजस्थान पुलिस के ‘सेवार्थ कटिबद्धता’ लोगो के साथ भारत निर्वाचन आयोग का लोगो भी अंकित किया गया है। इन तख्तियों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को नशे से दूर रहकर अपने मताधिकार का स्वतंत्र और जागरूक तरीके से इस्तेमाल करने का संदेश दिया जाएगा।

एसपी पंकज यादव ने बताया कि पंचायतीराज चुनाव के दौरान कई बार नशे के माध्यम से मतदाताओं को प्रभावित करने या वोट खरीदने की शिकायतें सामने आती हैं। इसी को रोकने और चुनाव प्रक्रिया को नशे से मुक्त रखने के उद्देश्य से यह अभियान शुरू किया गया है।

पुलिस के अनुसार आने वाले दिनों में पुलिस टीमें गांव-गांव और ढाणी-ढाणी पहुंचेंगी। यहां जागरूकता तख्तियों के साथ रैली, चौपाल और अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नशा मुक्त मतदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। अभियान के जरिए पुलिस का उद्देश्य मतदाताओं को नशे के प्रलोभन से दूर रखते हुए स्वच्छ, जागरूक और निष्पक्ष चुनावी माहौल बनाने का संदेश देना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *