Advertisement

जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने मनाया नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता रैली दिवस, साइबर ठगी से बचाव का दिया संदेश

blank

भोपालगढ़/किशोर जाखड़। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने और आमजन को डिजिटल रूप से सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से राजस्थान पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर सुरक्षित राजस्थान’ अभियान के तहत जोधपुर ग्रामीण पुलिस ने शनिवार को नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता रैली दिवस मनाया। जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देशन में जिलेभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया।

महिला कांस्टेबल रामस्नेही डेलू ने बताया कि जिले के प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, स्कूल-कॉलेज एवं सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस टीमों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से आमजन को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। कार्यक्रमों के दौरान लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने, फर्जी कॉल और लॉटरी के झांसे में आने से बचने के लिए जागरूक किया गया।

blank

अभियान के तहत युवाओं और विद्यार्थियों के साथ साइबर सुरक्षा जागरूकता रैली भी निकाली गई। वहीं लाउडस्पीकर और पंपलेट के माध्यम से लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश पहुंचाए गए।

भोपालगढ़ सीओ गुलाबाराम ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान लिंक, फर्जी कॉल या लॉटरी के लालच में न आएं। अपनी बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड एवं अन्य निजी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें। यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर ठगी होती है तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

पुलिस ने अभियान के माध्यम से लोगों को संदेश दिया कि “जागरूक बनें, सुरक्षित रहें और आइए, मिलकर बनाएं साइबर सुरक्षित समाज।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *