आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से परेशान थी महिला, पुलिस पर लापरवाही के आरोप
जोधपुर। खेडापा थाना क्षेत्र में दर्ज दुष्कर्म और ब्लैकमेल मामले में कार्रवाई नहीं होने से आहत एक महिला ने कथित रूप से आत्महत्या कर ली। मृतक महिला उस पीड़िता की बहन बताई जा रही है, जिसने इसी मामले से जुड़ी प्रताड़ना से परेशान होकर करीब एक माह पहले आत्महत्या कर ली थी।
जानकारी के अनुसार, महिला ने पांच-छह युवकों के खिलाफ दुष्कर्म और ब्लैकमेल का मामला दर्ज करवाया था। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे महिला लगातार मानसिक तनाव में थी।
बताया जा रहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर महिला गांव में पानी की टंकी पर चढ़ गई। परिजनों का कहना है कि पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। इसी दौरान महिला ने टंकी पर ही जहरीला पदार्थ खा लिया।

महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। फिलहाल शव को महात्मा गांधी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
परिजनों ने खेडापा पुलिस पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी लगातार महिला को ब्लैकमेल कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कार्रवाई नहीं की। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply