Advertisement

जोधपुर में 5 ई-बसों का शुभारंभ, 125 तक नई बसें होंगी शामिल | PRP NEWS

blank

जोधपुर में बदलेगी सार्वजनिक परिवहन की तस्वीर, 5 ई-बसों का आज से संचालन; 125 तक नई बसें होंगी शामिल

जोधपुर। शहरवासियों को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में जोधपुर में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। पीएम ई-बस सेवा योजना के तहत जोधपुर बस सर्विस लिमिटेड की ओर से इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन शुरू किया जा रहा है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार शाम 4 बजे इन ई-बसों का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।

पहले चरण में 5 इलेक्ट्रिक बसें

शुरुआती चरण में 5 आधुनिक इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन किया जाएगा। इसके बाद आगामी 2 से 3 महीनों में जोधपुर के बेड़े में 100 से 125 नई बसें शामिल करने की योजना है। इन बसों को शहर के प्रमुख और व्यस्त मार्गों पर संचालित किया जाएगा।

blank

9 मीटर लंबी बस, 160 से 180 किमी की रेंज

ई-बस की लंबाई करीब 9 मीटर है और इनमें लगभग 30 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। एक बार फुल चार्ज होने पर बस करीब 160 से 180 किलोमीटर तक चल सकेगी। बसों के संचालन के लिए झालामंड में अत्याधुनिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है।

बसों में दिव्यांग यात्रियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा गया है। वहीं महिला यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए 4 पिंक सीटें आरक्षित रहेंगी।

15 रुपये से शुरू होगा किराया

आमजन की सुविधा और जेब का ध्यान रखते हुए ई-बस सेवा का न्यूनतम किराया 15 रुपये निर्धारित किया गया है। प्रारंभिक चरण में बसें बनाड़ से जैसलमेर बाईपास के बीच संचालित होंगी।

यह रूट राईकाबाग बस स्टैंड, सर्किट हाउस, भाटी सर्किल, पांच बत्ती चौराहा, जेडीए चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोटरी चौराहा, एमडीएम अस्पताल, जलजोग सर्किल, बॉम्बे मोटर चौराहा, आखलिया चौराहा, पहला पुलिया, दूसरा पुलिया और चौपासनी रोड से होकर गुजरेगा।

प्रदूषण कम करने में मिलेगी मदद

नगर निगम आयुक्त राहुल जैन के अनुसार, पूर्व में संचालित बीआरटीएस बसों की तुलना में इलेक्ट्रिक बस सेवा जोधपुर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इलेक्ट्रिक बसों से डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी, जिससे वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी। साथ ही यात्रियों को अपेक्षाकृत शांत, आरामदायक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।

ई-बस सेवा के विस्तार के साथ आने वाले महीनों में जोधपुर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *