जोधपुर। पुलिस मुख्यालय की ओर से वांछित एवं इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीएसटी जोधपुर ग्रामीण ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 हजार रुपये के इनामी नकबजन सफी खां को दस्तयाब किया है। आरोपी शेरगढ़ थाना क्षेत्र के सोईन्तरा गांव स्थित आशापूरा माताजी मंदिर में रात के समय हुई नकबजनी के प्रकरण में वांछित चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक पंकज के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर कड़ेला के निकट सुपरविजन में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा को वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे।

सूचना मिलते ही टीम ने शुरू की तलाश
16 सितंबर 2026 को डीएसटी के कांस्टेबल चुतराराम को मिली सूचना के आधार पर टीम ने कार्रवाई शुरू की। टीम ने आरोपी सफी खां पुत्र लतीफ खां, निवासी खेतसिंह नगर, थाना शेरगढ़, जिला जोधपुर की तलाश करते हुए उसे बालेसर क्षेत्र से दस्तयाब कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को पकड़ने के दौरान डीएसटी टीम ने रेतीले धोरों में करीब 3 किलोमीटर तक पैदल पीछा किया। इसके बाद टीम ने शातिर नकबजन को पकड़ने में सफलता हासिल की।
5 हजार रुपये का था इनाम
सफी खां की गिरफ्तारी पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित था। आरोपी को दस्तयाब करने के बाद अग्रिम अनुसंधान के लिए पुलिस थाना शेरगढ़ को सुपुर्द कर दिया गया है। अब पुलिस आरोपी से नकबजनी की वारदात और उससे जुड़े अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका
इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी शंकर कड़वा, सहायक उप निरीक्षक श्रवण कुमार भंवरिया, हेड कांस्टेबल मदन मीणा, मुकन सिंह, कांस्टेबल चुतराराम (आसूचना), हरेन्द्र लोहरा और अशोक भाटी की विशेष भूमिका रही।

Leave a Reply