Advertisement

आधी रात को दो युवकों से मारपीट के मामले में ASI लाइन हाजिर, वीडियो वायरल

blank

हेलमेट नहीं पहनने पर बाइक की चाबी निकालने से शुरू हुआ विवाद, पुलिसकर्मियों पर बदसलूकी और मारपीट के आरोप

जोधपुर। शहर के सरदारपुरा थाना क्षेत्र में देर रात दो युवकों के साथ पुलिसकर्मियों द्वारा कथित मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। जालोरी गेट सर्किल के पास हुई घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एएसआई हरफूल मीणा को लाइन हाजिर कर दिया है।

blank

जानकारी के अनुसार, खांडाफलासा क्षेत्र के रहने वाले दो युवक रात करीब पौने दो बजे एक आश्रम और मंदिर से दर्शन कर बाइक से लौट रहे थे। जालोरी गेट चौकी के पास गश्त कर रहे सरदारपुरा थाने के एएसआई हरफूल मीणा और पुलिस स्टाफ ने युवकों को बिना हेलमेट देखा। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बाइक की चाबी निकाल ली, जिसके बाद युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच बहस शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद एक होमगार्ड द्वारा एक युवक को थप्पड़ मारने का भी आरोप है। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी दौरान वहां पहुंचे एडीसीपी परामर्श केंद्र के अमृतलाल ने लोगों को समझाकर मामला शांत करवाया।

थाने ले जाने के बाद भी मारपीट का आरोप

युवकों ने आरोप लगाया कि मौके पर विवाद के बाद उन्हें सरदारपुरा थाने ले जाया गया, जहां भी उनके साथ मारपीट की गई। घटना का वीडियो सुबह सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस अधिकारियों तक पहुंचा।

सरदारपुरा थानाधिकारी किशनलाल ने बताया कि रात को युवकों का कोई चालान नहीं बनाया गया और न ही उन्हें शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के अनुसार, समझाइश के बाद मामला शांत करवा दिया गया था।

blank

ASI को पहले किया गया था रिलीव, बाद में लाइन हाजिर

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, एएसआई हरफूल मीणा को रात में ही कुड़ी थाने के लिए रिलीव कर दिया गया था। हालांकि, सुबह वीडियो वायरल होने और मामले के तूल पकड़ने के बाद अधिकारियों ने कार्रवाई करते हुए एएसआई हरफूल मीणा को लाइन हाजिर करने के आदेश जारी कर दिए।

घटना के बाद पुलिसकर्मियों के व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं। वायरल वीडियो और सामने आए आरोपों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *