Advertisement

ग्राम रथ अभियान: शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने खेड़ापा में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

blank

ग्रामीणों से किया सीधा संवाद, पेयजल समस्याओं के त्वरित समाधान के दिए निर्देश

बावड़ी। राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित ग्राम रथ अभियान के तहत मंगलवार को शिक्षा (विद्यालयी/संस्कृत) एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने पंचायत समिति बावड़ी की ग्राम पंचायत खेड़ापा में आयोजित कार्यक्रम का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभागीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान करवाया।

blank

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन की समस्याओं के समाधान एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है तथा ग्राम रथ अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

नियमित रात्रि चौपाल और जनसुनवाई के निर्देश

दिलावर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रात्रि चौपाल एवं जनसुनवाई आयोजित की जाए, ताकि ग्रामीणों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को गांवों में जाकर आमजन से संवाद करना चाहिए, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।

हर घर तक नल से पानी पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता

ग्रामीणों द्वारा पेयजल संबंधी समस्याएं उठाए जाने पर प्रभारी मंत्री ने जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही चर्चा कर वर्तमान स्थिति की जानकारी ली और समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और यह आमजन का अधिकार है। साथ ही गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

सुझाव पेटिका में सुझाव देने की अपील

दिलावर ने ग्रामीणों को सुझाव पेटिका में अपने सुझाव देने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि नीति निर्माण में आमजन की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि आमजन से प्राप्त सुझाव सरकार के लिए उपयोगी साबित होंगे तथा योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक बनेंगे।

blank

13 विभागों की योजनाओं का प्रचार-प्रसार

ग्राम रथ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े 13 विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। इनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायतीराज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं। रथों पर उपलब्ध प्रचार सामग्री, ऑडियो-वीडियो संदेशों एवं संवादात्मक गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है, ताकि पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस अवसर पर पूर्व सांसद रामनारायण डूडी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद आशीष कुमार मिश्रा, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी गणपतलाल सुथार सहित जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *