बावड़ी। उपखंड क्षेत्र के बिराई गांव में 21 मई को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियार से तीन गोवंश पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने के मामले में ग्रामीणों और गो प्रेमियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। घटना के विरोध में सोमवार को ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी जवाहरराम चौधरी को ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाने तथा दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि हमले में घायल गोवंश को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर पशु चिकित्सालय भेजा गया था। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में रोष व्याप्त हो गया था और ग्रामीणों ने अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना भी दिया था। उस दौरान पुलिस थाना खेड़ापा के थानाधिकारी लाखाराम जाखड़ ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया था कि 48 घंटे के भीतर आरोपियों तक पहुंचकर कार्रवाई की जाएगी, जिसके बाद धरना समाप्त कर दिया गया था।

ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को 12 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि गायों के साथ हुई इस बर्बरता को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और दोषी अब तक कानून की गिरफ्त से बाहर हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी दो दिनों में मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें मजबूर होकर उग्र धरना-प्रदर्शन, रोड जाम तथा अन्य जन आंदोलनात्मक कदम उठाने पड़ेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर जोधपुर जिला कलेक्टर कार्यालय तक कूच किया जाएगा।

ग्रामीणों ने मांग की कि गोवंश पर हमला करने वाले दोषियों की निष्पक्ष जांच कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply