बावड़ी। गंगाणी स्थित हजरत अन्ना सा दरवेश बाबा रहमतुल्लाह अलैह का 15वां उर्स मुबारक मंगलवार को अकीदत, श्रद्धा एवं धार्मिक माहौल के बीच सम्पन्न हुआ। उर्स के अवसर पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने दरगाह शरीफ पहुंचकर हाजिरी दी और फातिहा पेश कर बाबा की बारगाह में अपनी अकीदत का नजराना पेश किया।
उर्स कार्यक्रम के दौरान मौलाना बरकत साहब ने अपने बयान में समाज में प्रेम, भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हुए पड़ोसियों के साथ अच्छे संबंध रखने तथा बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने पर जोर दिया। वहीं मौलाना सलीम सिद्दीकी लवेरा ने सूफी संतों की शिक्षाओं को अपनाने और माता-पिता की खिदमत करने की अहमियत पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम की निजामत मौलाना यूसुफ सिद्दीकी, पेश इमाम जामा मस्जिद गंगाणी ने की। इस अवसर पर मदरसे के बच्चों ने नात शरीफ, तकरीर और अन्य धार्मिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया तथा खूब सराहना बटोरी।
मंच पर मौलाना अलाउद्दीन साहब, मौलाना अमजद अली, मौलाना उवैस रजा एवं कारी शरीफ मोहम्मद सहित कई धर्मगुरु मौजूद रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में दरगाह कमेटी एवं ग्रामवासियों का विशेष सहयोग रहा।

दरगाह कमेटी के सचिव सलमान शाह ने बताया कि उर्स मुबारक का आयोजन आपसी सहयोग और सामूहिक सहभागिता से सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में दरगाह कमेटी के सदर इमरान मोहम्मद रंगरेज़, सचिव सलमान शाह, कोषाध्यक्ष गुलाब रंगरेज सहित कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
अंत में मुल्क की अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए विशेष दुआ की गई, जिसके साथ 15वें उर्स मुबारक का समापन हुआ।

Leave a Reply