नई दिल्ली। दिल्ली में 16 वर्षीय नाबालिग से चलती स्लीपर बस में कथित गैंगरेप के मामले को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार के साथ-साथ दिल्ली और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि करीब 47 किलोमीटर तक चलती बस में नाबालिग के साथ दरिंदगी होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। राहुल गांधी ने कहा कि इस गंभीर लापरवाही के लिए किसी न किसी की जवाबदेही तय होनी चाहिए।

घटना की जानकारी सामने आने में हुई देरी
पुलिस के अनुसार, घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी 31 अगस्त को सामने आई। मामले में बस के ड्राइवर और कंडक्टर को गिरफ्तार किया गया है। घटना के सामने आने के बाद पुलिस की निगरानी व्यवस्था और स्लीपर बसों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं।
राहुल गांधी ने पुलिस व्यवस्था पर उठाए सवाल
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली महिलाओं के लिए सुरक्षित नहीं रह गई है। उन्होंने सवाल किया कि इतनी गंभीर वारदात के बावजूद दिल्ली और नोएडा पुलिस को समय रहते इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली।
स्लीपर बसों की निगरानी पर सवाल
राहुल गांधी ने कहा कि 2012 के निर्भया कांड के बाद महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई नियम और व्यवस्थाएं बनाई गईं, लेकिन इसके बावजूद स्लीपर बसों में नियमों का पालन और निगरानी सुनिश्चित क्यों नहीं की जा रही है। उन्होंने बसों की जांच और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए।
‘पर्दे ने घटना ही नहीं, नाकामियों को भी छिपाया’
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बस में लगे पर्दे घटना को छिपाने का माध्यम बने। उन्होंने कहा कि ये पर्दे सरकार की वर्षों पुरानी प्रशासनिक नाकामियों को भी उजागर करते हैं। राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकारों से मामले में तुरंत जवाबदेही तय करने की मांग की है।

Leave a Reply