शिकायत के महज 2 घंटे में पुलिस ने ट्रक ड्राइवर और खलासी को पकड़ा, पूरी नकदी बरामद
जोधपुर। डांगियावास थाना क्षेत्र के जालेली फौजदार स्थित एक सीएनजी फिलिंग स्टेशन पर चोरी की वारदात सामने आई। सीएनजी भरवाने पहुंचे ट्रक के ड्राइवर और खलासी ने मौका देखकर गल्ले में रखे 50 हजार रुपये चुरा लिए और वहां से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद डांगियावास थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए करीब 2 घंटे में दोनों आरोपियों को डिटेन कर पूरी रकम बरामद कर ली।

मैनेजर के जाते ही गल्ले से उड़ाए रुपये
पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे एक ट्रक सीएनजी भरवाने के लिए फिलिंग स्टेशन पहुंचा था। गैस भरवाने के बाद ड्राइवर ने ट्रक को परिसर में ही खड़ा कर दिया। इसी दौरान पंप मैनेजर शौच के लिए गया। मैनेजर की गैरमौजूदगी का फायदा उठाकर ट्रक के ड्राइवर और खलासी ने गल्ले से 50 हजार रुपये पार कर दिए।
गल्ला संभालने पर हुई चोरी की जानकारी
सुबह करीब 9 बजे मैनेजर वापस लौटा और गल्ला संभाला तो उसमें रखी नकदी गायब मिली। इसके बाद तुरंत डांगियावास थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सीसीटीवी से मिली आरोपियों की पहचान
सूचना मिलते ही थाना अधिकारी राजूराम काला के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फिलिंग स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें संदिग्ध ट्रक और आरोपी नजर आए।
पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक ड्राइवर और खलासी को घटना के करीब 2 घंटे के भीतर डिटेन कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से चोरी की गई पूरी 50 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से फिलिंग स्टेशन पर हुई चोरी की वारदात का कुछ ही समय में खुलासा हो गया।

Leave a Reply