Advertisement

बुचेटी में मध्यरात्रि चोरी की कोशिश नाकाम: किसानों की सतर्कता से चोर भागे, जीप छोड़कर फरार

blank

बावड़ी (जोधपुर)। उपखंड क्षेत्र के बुचेटी कस्बे में शनिवार मध्य रात्रि को चोरी की बड़ी वारदात टल गई। अज्ञात चोर खेत में घुसकर जीरा फसल और भारी-भरकम तिरपाल चोरी करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन किसानों की सतर्कता के चलते उन्हें भागना पड़ा। चोर मौके पर अपनी जीप छोड़कर फरार हो गए।

blank

जानकारी के अनुसार, बुचेटी निवासी किसान भंवरलाल ब्राह्मण के ट्यूबवेल पर रात करीब 10 बजे चोर पहुंचे। उस समय ट्यूबवेल का देखभाल करने वाला कृषक सुखदेव देवासी घर गया हुआ था। चोरों ने खेत का गेट खोलकर पहले डिग्गी के लिए रखा भारी तिरपाल उठाने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद उन्होंने दो और साथियों को बुलाया और जीरे की फसल चोरी करने का प्रयास शुरू किया।

इसी दौरान किसान खेत पर पहुंच गया और शोर मचाकर अन्य किसानों को सूचना दी। कुछ ही देर में आसपास के किसान मौके पर एकत्र हो गए। चारों ओर से घिरता देख चोरों ने जीप लेकर खेत में भागने की कोशिश की और गेहूं की फसल रौंदते हुए प्याज के खेत की ओर निकल गए।

blank

प्याज के खेत में पानी भरा होने के कारण जीप कीचड़ में फंस गई। स्थिति बिगड़ती देख चोर जीप को चालू हालत में छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। भागते समय उनके जूते-चप्पल और एक बैग भी मौके पर छूट गया, जिसमें कपड़े व अन्य सामान मिला है।

सूचना मिलने पर पुलिस थाना खेड़ापा से ड्यूटी अधिकारी चिमनाराम मौके पर पहुंचे और जीप को खेत से बाहर निकलवाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है।

blank

ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सतर्कता नहीं बरती जाती, तो चोर जीरा फसल और तिरपाल लेकर फरार हो जाते, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान हो सकता था। हालांकि इस घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन ग्रामीणों ने चोरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

blank

“क्या कहते हैं थाना अधिकारी”

बुचेटी में चोरी प्रकरण मामले में  पुलिस द्वारा चार संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें भेजी गई हैं और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

लाखाराम जाखङ, थाना अधिकारी पुलिस थाना खेड़ापा, जोधपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *