लंबित कार्यों का मौके पर निस्तारण; वृक्षारोपण से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बावड़ी। राज्य सरकार की ओर से संचालित ग्राम सेवा शिविर फॉलोअप अभियान के तहत ग्राम पंचायत बुचेटी में संयुक्त शिविर का आयोजन किया गया। शिविर प्रभारी शंभू दयाल ने बताया कि भू-निरीक्षक क्षेत्र बुचेटी स्तर पर आयोजित इस शिविर में ग्राम पंचायत बिराई, बुचेटी एवं सेवकी खुर्द के ग्रामीणों के लिए सामूहिक ग्राम सेवा शिविर फॉलोअप आयोजित किया गया।
शिविर के दौरान पूर्व में आयोजित शिविरों से वंचित रहे ग्रामीणों के लंबित कार्यों का हाथों-हाथ निस्तारण किया गया। शिविर में 1 राजस्व अभिलेख दुरुस्ती, 20 नामांतरण, 20 वार्षिक पेंशन सत्यापन, 41 राजस्थान रोडवेज पासों का वितरण तथा 31 किसानों को मिनी बीज किट वितरित की गई।

शिविर प्रभारी शंभू दयाल ने बताया कि राज्य सरकार के 21 विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी शिविर में उपस्थित रहे और ग्रामीणों को विभागवार जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर विभिन्न सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
हालांकि, शिविर में ग्रामीणों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। स्थानीय ग्रामीणों का कहना था कि वर्तमान समय में खेती-बाड़ी का कार्य जोरों पर होने और मानसून की देरी के कारण किसान खेतों में व्यस्त हैं। ऐसे में शिविरों के आयोजन का समय उपयुक्त नहीं होने से अधिकांश ग्रामीण शामिल नहीं हो सके। ग्रामीणों ने सुझाव दिया कि भविष्य में शिविरों का आयोजन किसानों की सुविधा और कृषि कार्यों को ध्यान में रखकर किया जाए।
शिविर के दौरान हुआ वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

ग्राम सेवा शिविर के दौरान ग्राम पंचायत बुचेटी स्थित ग्राम सहकार समिति परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी वेरीविशाल सिंह, शिविर प्रभारी शंभू दयाल, वन विभाग एवं कृषि विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा ग्रामीणों और महिलाओं ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया।

ग्राम विकास अधिकारी वेरीविशाल सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत बुचेटी में विकसित की गई नर्सरी में सैकड़ों पौधे तैयार किए गए हैं, जिन्हें गांव के सार्वजनिक स्थानों, विद्यालयों, पटवार भवनों तथा सड़क किनारे रोपित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस पहल से गांव में हरियाली बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply