गूंजा देशभक्ति का संदेश, भव्य तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बावड़ी। देशभर में आजादी के जश्न और हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को जोधपुर जिले के बावड़ी उपखंड क्षेत्र के बिराई कस्बे में अनंत स्वामी सुखराम महाराज ट्रस्ट के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में संत-महात्माओं के साथ बड़ी संख्या में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, माताएं-बहनें और विद्यार्थी शामिल हुए। पूरे कस्बे में देशभक्ति का माहौल नजर आया और जगह-जगह तिरंगा लहराता दिखाई दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ राम धाम राम चौकी मठ से हुआ। संत साधु चरण दास महाराज तथा भारतीय जनता पार्टी जोधपुर देहात के जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पंचारिया ने तिरंगा झंडा दिखाकर यात्रा को रवाना किया। यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों के साथ ढोल-नगाड़े बजाए गए। लोग देशभक्ति के तरानों पर नाचते-झूमते और भारत माता के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़े।

यात्रा राम धाम राम चौकी के मुख्य मंदिर के सामने से होते हुए मुख्य प्रवेश द्वार से आगे बढ़ी और बिराई के प्रमुख बाजारों से होकर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के गेट नंबर-2 पर पहुंची। यहां विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक यात्रा का स्वागत किया और “भारत माता की जय”, “हिंदुस्तान हमारा है” सहित अनेक जोशीले देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

इस दौरान पूरे कस्बे में देशभक्ति की अलग ही तस्वीर देखने को मिली। घर-घर तिरंगा लहराता नजर आया तो गली-गली में भारत माता के जयकारों की गूंज सुनाई दी। ग्रामीणों में आजादी के पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
तिरंगा यात्रा आगे बढ़ते हुए अनंत स्वामी सुखराम महाराज की जन्मस्थली पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।
हर घर तिरंगा लगाने का किया आह्वान
समापन अवसर पर संत चरण दास महाराज ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत यह कार्यक्रम अनंत स्वामी सुखराम महाराज ट्रस्ट के ट्रस्टी एवं महंत स्वामी सुंदर दास महाराज के निर्देश पर आयोजित किया गया। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक घर पर तिरंगा लगाया जाए, ताकि नई पीढ़ी सहित हर व्यक्ति देश की आजादी और स्वतंत्रता के महत्व से परिचित हो सके।

उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल एक झंडा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, सम्मान और स्वतंत्रता का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों से समाज में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना और मजबूत होती है।
बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने लिया हिस्सा
तिरंगा यात्रा में बड़ी संख्या में नौजवानों के साथ बुजुर्ग, महिलाएं, माताएं-बहनें और संत-महात्माओं ने भाग लिया। लोगों ने पूरे उत्साह के साथ हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की और हर घर तिरंगा अभियान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
जयकिशन पंचारिया बोले—जन-जन तक पहुंच रहा हर घर तिरंगा का संदेश
भाजपा जोधपुर देहात जिला उपाध्यक्ष जयकिशन पंचारिया ने कहा कि राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में प्रदेशभर में हर घर तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में बावड़ी उपखंड क्षेत्र के बिराई कस्बे में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई।

उन्होंने कहा कि यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर देशभक्ति का संदेश दिया। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
भव्य तिरंगा यात्रा के दौरान पूरे बिराई कस्बे में देशभक्ति का माहौल बना रहा और भारत माता के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

Leave a Reply