साढ़े चार साल के कार्यकाल में शिक्षा, खेलकूद और विकास कार्यों की उपलब्धियों को किया याद, ग्रामीणों ने साफा पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर दी शुभकामनाएं
बावड़ी। शिक्षा विभाग द्वारा जारी हालिया स्थानांतरण सूची के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बिराई के प्रधानाचार्य मदनलाल का स्थानांतरण राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय चादरख (बावड़ी) में कर दिया गया है। विद्यालय से रिलीव होने के बाद गुरुवार को बिराई में उनके सम्मान में भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में बिराई प्रशासक मुन्नाराम सारण, विद्यालय स्टाफ, प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र के शिक्षकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने प्रधानाचार्य मदनलाल का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर तथा स्मृति चिन्ह भेंट कर भावभीनी विदाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य मदनलाल ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिराई विद्यालय में उनका लगभग साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल बेहद यादगार रहा। इस दौरान विद्यालय ने शिक्षा, खेलकूद एवं विभिन्न विकास कार्यों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और उपखंड से लेकर राज्य स्तर तक अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने इन उपलब्धियों का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, स्टाफ, विद्यार्थियों और ग्रामीणों के सहयोग को दिया।

उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों ने कंधे से कंधा मिलाकर विद्यालय के विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए निरंतर कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप विद्यालय ने कई नए कीर्तिमान स्थापित किए। उन्होंने विश्वास जताया कि नया स्टाफ भी इसी समर्पण के साथ विद्यालय को आगे बढ़ाते हुए उत्कृष्ट परिणाम देगा।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के माध्यम से विद्यालय का नाम रोशन करने का आह्वान किया। साथ ही साढ़े चार वर्षों तक मिले सहयोग, स्नेह और सम्मान के लिए सभी ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान बिराई प्रशासक मुन्नाराम सारण, पूर्व पंचायत समिति सदस्य सुनील गर्ग, बक्साराम भवरिया, मांगीलाल सारण, राजू परिहार, अध्यापक कन्हैयालाल गहलोत, बीरमाराम माली, धनाराम गर्ग सहित विद्यालय स्टाफ, प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Leave a Reply