Advertisement

बिराई की रामबेरी ढाणी में गोवंश पर कुल्हाड़ी से हमला, ग्रामीणों में रोष

blank

चार गायों पर हमले से फैली सनसनी, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दिया धरना

जोधपुर जिले की पंचायत समिति बावड़ी क्षेत्र की ग्राम पंचायत बिराई स्थित रामबेरी ढाणी में अज्ञात बदमाशों द्वारा गोवंश पर कुल्हाड़ी से हमला करने की गंभीर घटना सामने आई है। गुरुवार शाम हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल बन गया तथा ग्रामीणों और गौभक्तों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।

blank

जानकारी के अनुसार रामबेरी ढाणी निवासी मोहनराम देवड़ा की दो गायें शाम के समय घर के बाहर बनी पानी की खेली पर पानी पीने गई थीं। कुछ समय बाद जब दोनों गायें वापस घर पहुंचीं तो उनके शरीर से खून बहता देखकर परिजन घबरा गए। पास जाकर देखने पर गायों की पीठ पर कुल्हाड़ी जैसे धारदार हथियार से किए गए गहरे घाव मिले। घटना की सूचना तुरंत ग्रामीणों और पुलिस को दी गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विधि पशु चिकित्सालय से पशुधन सहायक जितेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और घायल गायों का प्राथमिक उपचार किया। बताया जा रहा है कि एक गाय की पीठ पर इतना गहरा वार किया गया कि उसकी चमड़ी तक कट गई। हालत गंभीर होने पर दोनों गायों को बेहतर उपचार के लिए जोधपुर स्थित विश्व स्तरीय पशु चिकित्सालय भेजा गया।

सूचना मिलने पर पुलिस थाना खेड़ापा से ड्यूटी अधिकारी चिमनाराम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। बाद में थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और ग्रामीणों से बातचीत की।

blank

इसी बीच शुक्रवार सुबह एक और चौंकाने वाली घटना सामने आई। ग्रामीण नारायणराम पुत्र कवराराम की गाय खेत में घायल अवस्था में मिली। उसकी पीठ पर भी कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। गंभीर घाव और अत्यधिक खून बहने के कारण गाय पूरी रात खेत में ही दर्द से तड़पती रही और घर तक नहीं पहुंच पाई। सुबह खेत में गाय को घायल देखकर ग्रामीणों ने अन्य लोगों को सूचना दी, जिसके बाद पूरे गांव में भारी रोष फैल गया।

लगातार सामने आ रही घटनाओं से नाराज ग्रामीणों और गौभक्तों ने जोधपुर रोड स्थित बस स्टैंड पंथवरी खेजड़ी के नीचे धरना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में असामाजिक तत्व लगातार गोवंश को निशाना बना रहे हैं और पुलिस को जल्द से जल्द दोषियों को गिरफ्तार करना चाहिए। विरोध स्वरूप ग्रामीणों ने बाजार भी बंद करवाया।

blank

धरने की सूचना मिलने पर थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ पुलिस दल के साथ धरनास्थल पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से समझाइश करते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस 48 घंटे के भीतर हर हाल में आरोपियों का पता लगाने का प्रयास करेगी। थाना अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

blank

पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया, लेकिन क्षेत्र में अब भी घटना को लेकर भारी आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि गोवंश पर निर्मम हमला करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।

पुलिस के अनुसार इस पूरी घटना में कुल चार गायों पर कुल्हाड़ी से वार किए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *