Advertisement

ग्रामीणों ने जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन, गोवंश पर हमले के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग

blank

बिराई में 21 मई को गोवंश पर धारदार हथियार से हुए हमले के 20 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश, जांच बदलने और विशेष समिति गठित करने की मांग

जोधपुर/बावड़ी। जिले के बावड़ी उपखंड क्षेत्र के बिराई कस्बे में गोवंश पर हुए कथित अत्याचार और बर्बरता के मामले में कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने सोमवार को जोधपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया तथा ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों के साथ विश्व स्तरीय गौ चिकित्सालय एवं कामधेनु सेना के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक ग्रामीण पी.डी. नित्या को सौंपे ज्ञापन में बताया कि 21 मई को बिराई स्थित रामबेरी ढाणी में असामाजिक तत्वों ने दो गोवंश पर धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के 20 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस थाना खेड़ापा द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई है और न ही मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई गई है। इससे ग्रामीणों एवं गौभक्तों में भारी रोष व्याप्त है।

blank

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक को बताया कि गोवंश पर हुई बर्बरता से अधिक पीड़ा उन्हें पुलिस की कार्यप्रणाली से हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि थाना क्षेत्र में होने वाली घटनाओं को दबाने और रफा-दफा करने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं और ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की कि मामले की जांच पुलिस थाना खेड़ापा से हटाकर किसी अन्य थाने या स्वतंत्र एजेंसी को सौंपी जाए। साथ ही उपखंड स्तर पर विशेष जांच समिति गठित कर पूरे मामले की निगरानी की जाए। उन्होंने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की ताकि भविष्य में गोवंश पर इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले की जांच में आवश्यक बदलाव किया जाएगा तथा पूरे घटनाक्रम की निगरानी स्वयं उनके स्तर पर की जाएगी।

blank

यह है पूरा मामला

ग्रामीणों के अनुसार 21 मई की शाम बिराई स्थित रामबेरी ढाणी में दो गायों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया था। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा पुलिस थाना खेड़ापा और पशु चिकित्सकों को सूचना दी गई। पशु चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान बताया कि हथियारों के वार से गायों की हड्डियां और मांसपेशियां तक कट गई थीं। गंभीर हालत को देखते हुए घायल गोवंश को विशेष उपचार के लिए जोधपुर स्थित विश्व स्तरीय गौ चिकित्सालय भेजा गया।

घटना की सूचना पर थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ एवं पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिया। लेकिन अगले ही दिन क्षेत्र में एक अन्य गोवंश पर भी धारदार हथियार से हमले की घटना सामने आने से ग्रामीणों का आक्रोश और बढ़ गया।

blank

इसके विरोध में ग्रामीणों ने जोधपुर रोड बस स्टैंड पर धरना-प्रदर्शन किया तथा सांकेतिक रूप से बाजार भी बंद करवाया। उस समय पुलिस अधिकारियों ने 48 घंटे में आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया था, जिसके बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

पहले भी सौंपे जा चुके हैं ज्ञापन

ग्रामीणों ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर 28 मई को भोपालगढ़ वृत्ताधिकारी भूराराम खिलेरी को भी ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन उसके बाद भी पुलिस की ओर से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

इसके अलावा घटना के 12 दिन बाद ग्रामीणों ने पुलिस थाना खेड़ापा की कार्यशैली को लेकर बावड़ी उपखंड अधिकारी जवाहरराम चौधरी को भी ज्ञापन सौंपा था। उपखंड अधिकारी ने मामले की जानकारी लेकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन घटना के 18 दिन बाद भी किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी लगातार बढ़ती गई।

blank

ज्ञापन के दौरान यह रहे मौजूद

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को ज्ञापन के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष बीआरएसएस व प्रदेश महामंत्री राजस्थान माली सैनी महासभा के नरसिंह गहलोत, विश्व स्तरीय गो चिकित्सालय के प्रतिनिधि तथा कामधेनु सैना जोधपुर के अध्यक्ष गजेंद्र सेन, रूपनाथ महाराज धुणा बिराई के महंत रामनिवास महाराज, महेश कच्छावा, मांगीलाल गहलोत, कानाराम सांखला, ओम प्रकाश भाटी, जगदीश सारस्वत, श्याम लाल देवड़ा, हजारी राम देवड़ा, राजू परिहार, हमीर राम भाटी, प्रकाश गर्ग दिनेश देवड़ा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण युवा तथा कामधेनु सेवा के जवान साथ में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *