Advertisement

बिराई गोवंश हमले मामले में बड़ा फैसला: खेड़ापा थाना से हटाई गई जांच, राजूराम बामणिया को सौंपी जिम्मेदारी

blank

बावड़ी। उपखंड क्षेत्र के बिराई कस्बे में 21 मई को गोवंश पर धारदार हथियारों से किए गए हमले के मामले में पुलिस अधीक्षक जोधपुर ने बड़ा निर्णय लेते हुए प्रकरण की जांच पुलिस थाना खेड़ापा से हटाकर पुलिस थाना भोपालगढ़ के थानाधिकारी राजूराम बामणिया को सौंप दी है। इस फैसले के बाद मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की उम्मीद बढ़ गई है।

जानकारी के अनुसार बिराई कस्बे में 21 मई को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा धारदार हथियारों से किए गए हमले में तीन गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त था। इस संबंध में पुलिस थाना खेड़ापा में प्रकरण संख्या 135/2026 धारा 9 एवं 10 राजस्थान गोवंश अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ग्रामीणों का आरोप था कि मामले की जांच में अपेक्षित गंभीरता नहीं बरती जा रही है तथा पुलिस द्वारा प्रभावी अनुसंधान नहीं किया जा रहा है। इसी को लेकर क्षेत्र के ग्रामीण 8 जून को जोधपुर स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और वहां धरना-प्रदर्शन कर पुलिस अधीक्षक पी.डी. नित्या को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मामले की विशेष एवं त्वरित जांच कराने तथा जांच अधिकारी को बदलने की मांग की गई थी।

ग्रामीणों की मांग और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रकरण को गंभीरता से लिया। इसके बाद जांच का जिम्मा खेड़ापा थाना से हटाकर भोपालगढ़ थानाधिकारी राजूराम बामणिया को सौंप दिया गया है।

अब राजूराम बामणिया पूरे मामले का पुनः गहन अनुसंधान करेंगे और जांच पूरी होने के बाद अपनी रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक जोधपुर को प्रस्तुत करेंगे। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के इस निर्णय का स्वागत करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की उम्मीद जताई है।

क्षेत्र के लोगों का कहना है कि गोवंश पर हमले जैसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई होना आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *