Advertisement

बिराई गांव में गायों पर कुल्हाड़ी से हमला, क्षेत्र में सनसनी; गो प्रेमियों में भारी रोष

blank

दो गायों को कुल्हाड़ी से किया लहूलुहान, ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की उठाई मांग

जोधपुर जिले के खेड़ापा थाना क्षेत्र के बिराई गांव में गुरुवार शाम एक बेहद संवेदनशील और निंदनीय घटना सामने आई, जहां अज्ञात बदमाशों ने दो गायों पर कुल्हाड़ी से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई तथा गो प्रेमियों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

blank

जानकारी के अनुसार यह घटना शाम करीब 4 बजे रामबेरी ढाणी क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि अज्ञात लोगों ने दो गायों की पीठ पर कुल्हाड़ी से वार किए, जिससे दोनों गायें लहूलुहान हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे।

घटना के बाद पशुधन सहायक जितेंद्र चौधरी मौके पर पहुंचे और घायल गायों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। गायों की हालत गंभीर होने पर उन्हें निजी वाहन से बेहतर इलाज के लिए जोधपुर स्थित विश्व स्तरीय गो चिकित्सालय भेजा गया।

इधर घटना की सूचना मिलते ही खेड़ापा पुलिस थाना से ड्यूटी अधिकारी किशनाराम मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। बाद में थाना अधिकारी लाखाराम जाखड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे तथा ग्रामीणों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। थाना अधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि इस तरह की घटना करने वाले बदमाशों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

blank

घटना के बाद ग्रामीणों और गो भक्तों में भारी रोष व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि गौ माता के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर सख्त निगरानी रखने तथा दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *