सांबड़िया गांव में दिनदहाड़े ट्यूबवेल की केबल काटकर चोरी की वारदात का खुलासा; पूछताछ में कई थाना क्षेत्रों में केबल और लोहे का सामान चोरी करना कबूला
जोधपुर । पुलिस थाना बिलाड़ा ने चोरी और नकबजनी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत ट्यूबवेल से केबल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में एक पुरुष और एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने जोधपुर ग्रामीण सहित आसपास के कई थाना क्षेत्रों में केबल और लोहे का सामान चोरी करने की वारदातें करना स्वीकार किया है।
सांबड़िया में ट्यूबवेल से काटकर ले गए थे केबल
पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को ग्राम सांबड़िया में स्थित एक ट्यूबवेल पर लगी केबल को अज्ञात चोर दिन के समय काटकर चोरी कर ले गए थे। मामले में सांबड़िया निवासी सुरेन्द्रसिंह पुत्र मानसिंह राजपूत ने 28 अगस्त को पुलिस थाना बिलाड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई।

रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 226, दिनांक 28 अगस्त 2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जिला पुलिस अधीक्षक पंकज यादव के निर्देश पर चोरी और नकबजनी की घटनाओं का खुलासा करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण रामेश्वरलाल और वृताधिकारी बिलाड़ा मनीष देव विश्वकर्मा के सुपरविजन में थानाधिकारी बिलाड़ा सवाईसिंह सोढ़ा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सांबड़िया गांव तथा आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही पुलिस ने मुखबिर तंत्र के माध्यम से संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई।
जांच के आधार पर पुलिस ने महेन्द्र उर्फ कालू पुत्र पप्पूराम, जाति लोहार, निवासी सुवाणा (बासनी हरिसिंह), थाना आसोप तथा दिलकी उर्फ इन्द्रा पत्नी धर्माराम, जाति सांसी, निवासी आसोप, थाना आसोप को दस्तयाब कर पूछताछ की।
पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, गहन पूछताछ में दोनों आरोपियों ने सांबड़िया में ट्यूबवेल से केबल चोरी करने की वारदात करना स्वीकार किया। दोनों की संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पीपाड़ शहर, बोरूंदा, भोपालगढ़, खेड़ापा, गोटन और मेड़ता सहित विभिन्न थाना क्षेत्रों में केबल, लोहे और अन्य सामान चोरी करने की वारदातें भी करना स्वीकार किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी के सामान की बरामदगी के प्रयास जारी हैं।
इनकी रही विशेष भूमिका
मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थानाधिकारी सवाईसिंह सोढ़ा, एएसआई रेंतवराम, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार, कांस्टेबल रामखिलाड़ी, सतवीर, छोटाराम और महिला कांस्टेबल पुष्पा की विशेष भूमिका रही।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर उनके द्वारा की गई अन्य वारदातों और चोरी के सामान की बरामदगी के संबंध में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply